
मुंबई। मुंबई में अवैध अतिक्रमण हटाए जाने की मुहिम के दौरान बेघर हुए स्लमडाग बच्चों अजहरुद्दीन मोहम्मद और रुबीना अली कुरैशी को अब महाराष्ट्र हाउसिंग एण्ड डेवलेपमेंट अथारिटी ने मानसून से पहले नया घर देने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि अथारिटी के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मनहस ने फरवरी माह में राज्य सरकार को स्लमडाग बच्चों के परिवार को पक्का घर मुहैया करने का सुझाव दिया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह मामला चुनावों के दौरान लगे आचार संहिता के कारण लटका हुआ था। उल्लेखनीय है कि मुंबई के बांद्रा में झुग्गी में रहने वाले अजहरुद्दीन और रुबीना ने क्रमश सलीम और लतिका के पात्रों का आस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म स्लमडाग मिलीनेयर में अभिनय किया था।
बाम्बे नगर निगम ने अजहरुद्दीन की झोपड़ी को 16 मई को ध्वस्त कर दिया था वहीं रुबीना की झोपड़ी को रेल प्रशासन ने 20 मई को गिराया था।