
नई दिल्ली। बालीवुड में सिरियल किसर के नाम से मशहूर इमरान हाशमी जल्द ही दर्शकों के समक्ष एकता कपूर की नई फिल्म वंस अपौन अ टाइम इन मुम्बई में दिखाई देंगे और इस फिल्म में उन्होंने अपने नए लुक पर विशेष जोर दिया है।
मर्डर, गैंगस्टर, राज.द मिस्ट्री, जन्नत जैसी फिल्मों से बालीवुड में अलग पहचान बनाने वाले इमरान वंस अपौन अ टाइम इन मुम्बई को बेहद दिलचस्प फिल्म बताते हैं जिसमें उनकी भूमिका एक युवा डान की है। इमरान ने कहा कि यह एकता कपूर और मिलन लूथारिया की फिल्म है जिसमें मेरी भूमिका एक युवा डान की है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में किरदार के अनुसार मेरा जो लुक होना चाहिए उसके लिए मैंने तैयारी पूरी कर ली है। यह फिल्म 70 के दशक की कहानी पर आधारित है जिसमें मेरा किरदार न केवल कहानी के हिसाब से दमदार है बल्कि शारीरिक रूप से भी हृष्ट पुष्ट शख्स का है।
बालीवुड में सिक्स पैक्स.ऐट पैक्स का चलन जोर पकड़ने के संबंध में एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि मुझे कभी भी फिजिक मेनिया नहीं रहा। अपनी सुविधा के अनुसार मुझे साधारण रूप से रहना पसंद है। लेकिन मैं रोज वर्क आउट करता रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैंने महेश भट्ट साहब के साथ चुनाव प्रचार किया। इमरान ने कहा कि फिल्म वंस अपौन अ टाइम इन मुम्बई में अपने किरदार और कहानी की मांग के अनुसार मैंने पिछले दो महीने से अपने लुक पर विशेष काम किया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म की शूटिंग जून से प्रारंभ हो जाएगी लेकिन मैंने अपने हिस्से का काम पूरा कर लिया है। इस काम में मेरे प्रशिक्षक ने मेरी काफी मदद की। उन्होंने कहा कि मैं कभी भी भीड़ का हिस्सा नहीं रहा। मैंने नकल करने की बजाए हमेशा से ही अपने किरदार को शत प्रतिशत दिया है और अपनी राह चुनी है। सच पूछिए तो मुझे सिक्स पैक्स या ऐट पैक्स में कोई दिलचस्पी नहीं है। सिरियल किसर के रूप में अपनी छवि के बारे में एक प्रश्न के जवाब में इमरान ने कहा कि मैं पहले ही कह चुका हूं कि अब मैं अनावश्यक रूप से किस सीन नहीं दूंगा। किरदार की आवश्यकता के अनुसार तय करूंगा। खानपान के बारे में इमरान हाशमी ने कहा कि मैं तली भुनी चीजों से परहेज करता हूं लेकिन खानपान का काफी शौकीन हूं और हर रोज छह बार खाना खाता हूं। इमरान हाशमी की फिल्म तुम मिले भी आने वाले समय में पर्दे पर आने वाली है।