
मुंबई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी का कहना है कि तैयारी नहीं होने की वजह से वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे संस्करण के समापन समारोह में कार्यक्रम पेश नहीं कर सकीं।
राजस्थान रॉयल्स की सह-मालिक शिल्पा समापन समारोह में अमेरिकी पॉप गायक एकॉन के साथ नृत्य करने वाली थीं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शिल्पा ने कहा कि मैं तैयार नहीं थी। यह एक अंतर्राष्ट्रीय मंच था न कि गांव की नौटंकी। मुझे पूरी तरह तैयार होना था। मुझे अभ्यास का समय नहीं मिला। इसलिए मुझे अफसोस के साथ नहीं कहना पड़ा।
आईपीएल के फाइनल मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में मौजूद रहने वाली शिल्पा ने कहा कि कोई बात नहीं कि मेरी टीम फाइनल में नहीं खेल रही थी। मेरा मानना है कि मैं एक दर्शक की तरह मैच देख रही थी। उधर, फाइनल मुकाबले के बाद मशहूर गायक एडी ग्रांट के साथ बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ की जुगलबंदी ने समां बांध दिया।