
मुंबई। बालीवुड की बिल्लो यानी अभिनेत्री बिपाशा बसु पहली बार हालीवुड फिल्म में काम करने जा रही हैं। डैनियल सिल्वरमैन और तपन शाह निर्देशित इस फिल्म का नाम है काइमेरा। इस फिल्म में बंगाली बाला के सह कलाकार होंगे बिली जेन। बताया जा रहा है कि फिल्म में बिली के साथ बिपाशा ऐसे अंतरंग दृश्य करेंगी, जो उन्होंने अब तक किसी फिल्म में नहीं किया है। अगर सब ठीक चला तो फिल्म की शूटिंग जुलाई में होगी। शूटिंग महाबलेश्वर और पंचगढ़ी में होगी। काइमेरा में विक्टर बनर्जी बिपाशा के पिता की भूमिका में दिखेंगे।
फिल्म के बारे में शाह कहते हैं कि यह एक असाधारण थ्रिलर है। बिली अमेरिकी डाक्टर की भूमिका निभाएंगे, जो एक भारतीय अस्पताल में काम करने के लिए आते हैं। यहां उनकी मुलाकात होती है एक मरीज से, जिसकी भूमिका बिपाशा निभाएंगी। उन्होंने कहा कि बिपाशा की मां की भूमिका के लिए मैं शबाना आजमी के पास गया था। मैं चाहता हूं कि बिली के भारतीय दोस्त की भूमिका अनिल कपूर निभाएं। बिपाशा की ओर से इस फिल्म के बारे में कुछ नहीं बताया जा रहा है, लेकिन पर शाह तो यहां तक बता गए, कि बिपाशा फिल्म में ऐसे रोमांटिक सीन करेंगी, जो भारतीय सिनेमा ने अभी तक किसी ने नहीं किया। यानी बिल्लो हाट सीन का रिकार्ड बनाने जा रही हैं।