
नई दिल्ली। कैमरों की फ्लशलाइट के बीच अभिनेत्री करीना कपूर छोटे छोटे बच्चों के साथ मंच पर आई और करीब दस मिनट के अपने स्पेशल अपीयरेंस में बिना एक भी डायलाग बोले अपने ग्लैमर का जादू बिखेरकर चली गई।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद और एलजी के बीच यहां एक करार के दौरान ट्वेंटी20 विश्व कप में भारतीय टीम की हौसला अफजाई के लिए इंग्लैंड जाने वाले 15 बच्चों को लेकर करीना शफ्फाक कमीज और नीली जींस में जब मंच पर उतरी तो किसी परी से कम नहीं लग रही थी। फोटोग्राफरों में उनकी हर अदा को कैमरे में कैद करने के लिए होड़ मच गई जबकि मीडियाकर्मियों में उनसे सवाल पूछने के लिए बेकरारी साफ नजर आ रही थी। रिफ्यूजी ,जब वी मेट, चमेली और देव जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकी इस कपूर बाला ने हालांकि सभी को निराश किया और बिना एक भी शब्द बोले मंच से निकल गई।
इस बीच उसने वहां मौजूद बच्चों को अपने आटोग्राफ वाले बल्ले जरूर भेंट किए।