
लंदन। बालीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और हालीवुड क्वीन एंजेलिना जोली के बीच हुस्न की जंग छिड़ी हुई है।
ओम शांति ओम से अपना फिल्मी सफर शुरू करने वाली दीपिका ने इस फिल्म में सुपरस्टार शाहरुख खान के साथ मुख्य भूमिका अदा कर खूब चर्चा बटोरी थी। द फास्ट एंड द फ्यूरियस के निर्देशक राब कोहेन ने दीपिका को एंजेलिना से ज्यादा खूबसूरत करार दिया है। कोहेन ने कहा कि दीपिका पादुकोण बेहद खूबसूरत हैं और एंजेलिना जोली से ज्यादा खूबसूरत हैं।
द विचेज आफ ईस्टविक, ड्रैगन: द ब्रूस ली स्टोरी और द फास्ट एंड द फ्यूरियस जैसी सुपरहिट फिल्में बनाने वाले कोहेन ने ऐसे संकेत दिए कि वह अपनी अगली फिल्म में दीपिका को शामिल कर सकते हैं। दीपिका फैशन वर्ल्ड की इस कदर चहेती बन गई हैं कि मेबीलाइन और लिवाइस जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्राण्ड्स उन्हें हाथों-हाथ लेने लगे हैं। याहू इंडिया साइट पर भी ऐश्वर्य राय और शिल्पा शेट्टी जैसी फिल्म स्टार्स को पीछे छोड़कर दीपिका सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली सेलिब्रिटी बन गई हैं।