
नई दिल्ली। फिल्म निर्माताओं के साथ जारी टकराव के बीच मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन आफ इंडिया ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग से संपर्क किया है।
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि फिल्म निर्माता थिएटर मालिकों का शोषण करने के लिए लामबंद हो रहे हैं। आयोग के सक्रिय होने के बाद उसके समक्ष आया फिल्म उद्योग से जुड़ा यह पहला मामला है। सूत्रों के मुताबिक, एसोसिएशन ने यूनाइटेड प्रोड्यूसर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर्स फोरम, एसोसिएशन आफ मोशन पिक्चर्स एंड डिस्ट्रीब्यूटर फोरम, टीवी प्रोग्राम प्रोड्यूसर्स और फिल्म एंड टीवी प्रोड्यूसर्स गिल्ड आफ इंडिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि सीसीआई आवेदन की जांच करेगा और फिर इस पर विचार करेगा।