
नई दिल्ली। बालीवुड के मशहूर अभिनेता राजेश खन्ना को 10वें अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आइफा) सम्मान समारोह में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा जाएगा।
आइफा समारोह इस बार 13 जून को मकाउ में आयोजित होगा। समारोह का आयोजन करने वाली कंपनी विजक्राफ्ट इंटरनेशनल के निदेशक सब्बास जोसेफ ने बताया कि कई वर्षो से हम फिल्म उद्योग में योगदान के लिए विभिन्न हस्तियों को सम्मानित करते आ रहे हैं। इस बार हम हमारी फिल्मों में रोमांस को परिभाषित करने वाले राजेश खन्ना को सम्मानित करेंगे। खन्ना ने आराधना, कटी पतंग, आनंद और अमर प्रेम जैसी कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। एक जमाने में उन्हें सुपरस्टार का तमगा भी मिला था।