
नई दिल्ली। बालीवुड के खलनायक प्रेम चोपड़ा ने भी हालीवुड का रुख कर लिया है। वह फिल्म हार्टलैंड के साथ हालीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। ऐमी पुरस्कार विजेता निर्देशक फ्रेड होलमेस की इस फिल्म में 73 वर्षीय प्रेम चोपड़ा मुख्य किरदार में हैं। फिल्म की कहानी टैक्सास और पंजाब के दो गांवों के इर्द-गिर्द घूमती है।
400 से अधिक हिंदी और पंजाबी फिल्मों में काम करने वाले प्रेम चोपड़ा ने कहा कि अच्छी भूमिका को देखते हुए उन्होंने इस फिल्म के लिए हामी भरी है न कि इंटरनेशनल टैग [अंतरराष्ट्रीय ठप्पा] के लिए।
चोपड़ा ने बताया, मैं फिल्म का मुख्य किरदार हूं। पंजाब और टेक्सास वैसे तो एक-दूसरे से काफी अलग हैं, लेकिन इनमें थोड़ी समानता भी है। लोगों में प्रेम, और बुजुर्गो के प्रति सम्मान जैसी भावनाएं दोनों जगह एक जैसी दिखती हैं।
हार्टलैंड में चोपड़ा पंजाबी किसान रामवीर सिंह का किरदार निभा रहे हैं, जो अपने एनआरआई पोते की अमेरिकी लड़की से विवाह करने की बात के चलते असमंजस में पड़ जाता है। फिल्म में दिव्या दत्ता के अलावा स्नेक्स आन द ट्रेन की खूबसूरत अदाकारा एमीलिया जैक्सन ग्रे भी अहम भूमिका निभा रही हैं। फिल्म की शूटिंग अगले साल लुधियाना और न्यूयार्क में की जाएगी।
लाहौर में जन्मे और शिमला में पले-बढ़े प्रेम चोपड़ा का वह डायलाग प्रेम नाम है मेरा, प्रेम चोपड़ा आज भी लोगों के दिल में कंपन पैदा कर देता है। वह अपने चार दशक के फिल्मी करियर में धर्मेंद्र से लेकर उनके बेटे सनी देओल तक लगभग सभी अभिनेताओं की फिल्मों में खलनायक का रोल निभा चुके हैं। उनकी ताजा फिल्म राकेश ओमप्रकाश मेहरा की दिल्ली 6 है।