
नई दिल्ली। बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर हुए हमलों के विरोधस्वरूप वहां के एक विश्वविद्यालय की डॉक्टरेट की मानद उपाधि ठुकराना पूरी तरह भावनात्मक फैसला था।
अमिताभ ने कहा,मैंने भावनात्मक प्रतिक्रिया जताई। यह व्यक्तिगत निर्णय था। मैं ऐसे देश से सम्मान ग्रहण करना उचित नहीं समझता जहां मेरे देशवासियों का अपमान हो।
उल्लेखनीय है कि 66 वर्षीय सितारे ने भारतीय छात्रों पर नस्लीय हमलों के कारण ब्रिस्बेन की क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेकनेलॉजी से मनोरंजन जगत में उनके योगदान के लिए दी जाने वाली डॉक्टरेट की मानद उपाधि को अस्वीकार करने की घोषणा शनिवार को की थी। अमिताभ को ब्रिस्बेन में जुलाई में होने वाले फिल्म महोत्सव में भी शरीक होना है लेकिन वह इसे लेकर भ्रम की स्थिति में हैं।
उन्होंने कहा, इस मौके पर मेरी फिल्मों का भी प्रदर्शन होना है और उन्होंने मुझसे 10-12 बेहतरीन फिल्मों का नाम सुझाने को भी कहा है। लेकिन मुझे नहीं पता कि मैं वहां जाऊंगा या नहीं। मैं नहीं जानता कि अपने निर्णय पर पुनर्विचार करूंगा या नहीं।
अमिताभ यहां एक सम्मेलन में चीन के मकाउ में 11-13 जून को होने वाले 10वें इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आइफा) पुरस्कार समारोह की घोषणा करने के लिए उपस्थित थे। वह आइफा के ब्रांड अंबेस्डर हैं और पूरब के लास वेगास जाने को लेकर बहुत उत्साहित हैं।