
मुंबई। इस साल लगातार दो फ्लाप फिल्म देने के बाद बालीवुड अभिनेता अक्षय कुमार को अपनी नई फिल्म कमबख्त इश्क से काफी उम्मीदें हैं, जो दस जुलाई को प्रदर्शन के लिए तैयार है।
2006 से कई हिट फिल्म देने वाले अक्षय की फिल्मों ने दुनिया भर में पांच सौ करोड़ से अधिक की कमाई की, लेकिन इस साल उनकी लगातार दो फिल्मों को दर्शकों ने नकार दिया। अक्षय की पिछली प्रदर्शित दो फिल्में चांदनी चौक टू चाइना और तस्वीर 8 इनटू 10 को दर्शकों ने बिल्कुल नकार दिया।
फिल्मों से होने वाली कमाई में हिस्सेदारी को लेकर निर्माताओं और मल्टीप्लेक्स सिनेमा हाल के मालिकों के बीच विवाद सुलझने के बाद से अगले महीने सबसे बड़ी बजट की पहली फिल्म कमबख्त इश्क रिलीज होने के लिए तैयार है। अपनी आगामी फिल्म के बारे में अक्षय ने बताया कि वह अपनी फिल्म की सफलता के बारे में काफी आस लगाए हुए हैं तथा इसके लिए दुआ कर रहे हैं।
कमबख्त इश्क के साथ बतौर निर्देशक की भूमिका शुरू करने वाले सब्बीर खान के संदर्भ में अक्षय ने कहा कि नए निर्देशकों की सफलता दर बेहतर है। अक्षय ने कहा, यह एक्शन नहीं बल्कि एक रोमांटिक कामेडी फिल्म है। मैंने काफी लंबे समय बाद रोमांटिक फिल्म में काम किया है। तकनीकी तौर पर यह बहुत बेहतर फिल्म है।
हालीवुड एक्शन स्टार सिलवेस्टर स्टैलोन से हुई बातचीत के बारे में अक्षय ने बताया कि बालीवुड तथा हालीवुड फिल्मों में एक्शन सीक्वेंस के बारे में उन दोनों की बातचीत हुई है। अक्षय ने कहा कि एक्शन स्टार को होने वाली स्वास्थ्य समस्या के बारे में भी हमने बात की तथा सिलवेस्टर ने मुझे अपने घुटने के समस्या के बारे में बताया। कमबख्त इश्क में अपनी भूमिका के बारे में अक्षय ने कहा कि मैं इसमें महिलाओं को हीन समझने वाले पुरुष की भूमिका निभा रहा हूं।