
मकाऊ। दसवें आइफा का उद्घाटन करते हुए अमिताभ बच्चन ने बताया कि भारतीय फिल्में देश और विदेश में एक समांतर संस्कृति का निर्माण कर रही हैं। सिनेमाघर के अंधेरे में फिल्में देखते समय हम इस बात की परवाह नहीं करते कि हमारे अगल-बगल में किस धर्म, जाति या संप्रदाय का व्यक्ति बैठा है। हम सभी एक लतीफे पर हंसते हैं। उक ही गीत गुनगुनाते हैं और हमारे होंठों पर समान मुस्कान रहती है। अमिताभ बच्चन ने अपने रूस यात्रा के संस्मरण हवाला दिया। उन्होंने भारतीय फिल्म देख कर निकलते एक रूसी दर्शक से पूछा कि उसे इस फिल्म में क्या अच्छा लगा? रूसी दर्शक का जवाब था- मेरे गालों पर सूखे आंसू हैं और होंठों पर मुस्कान। भारतीय फिल्में एक साथ हंसाती और रूलाती हैं और सुखद भावनाओं के साथ समाप्त होती हैं। अमिताभ बच्चन ने आगे कहा कि पचास-साठ साल पहले फिल्में देखना अच्छा शौक नहीं माना जाता था। हमारे अभिभावक पहले फिल्म देख कर आते थे। वे तय करते थे कि परिवार के बसकी सदस्य फिल्म देख सकते हैं या नहीं? उन्होंने इस बात पर खुशी जाहिर की अब हम विदेशों में अपने अवार्ड समारोह कर रहे हैं।
कार्यक्रम की शुरूआत में आइफा अवार्ड समारोह के आयोजन के प्रमुख सबास जोसेफ पे अपने संबोधन में आाइफा अभियान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 2000 में पुरस्कार समारोह से आरंभ हुआ आयोजन अब कई सारी नयी गतिविधियों से जुड़ गया है। हम फिल्मों के साथ ही पर्यटन, व्यापार और दूसरे संबंधों के विकास पर भी ध्यान देने लगे हैं। उन्होंने मकाऊ में आइफा आयोजन को रेखांकित करते हुए कहा कि अपने दसवें साल में मकाऊ आकर हम बहुत खुश हैं। आइफा अवार्ड समारोह के प्रायोजक वीडियोकान के सुनील टंडन ने घोषणा की कि इस बार दशक की फिल्म, अभिनेता, अभिनेत्री, निर्देशक और संगीत को भी सम्मानित किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम को अन्य प्रायोजकों ने भी संबोधित किया।
उद्घाटन कार्यक्रम आइफा के कार्यकारी सदस्यों के साथ संजय खान, जाएद खान और गोविंदा भी मौजूद थे। अमरिकी गायक पीटर आंद्रे ने अपनी मौजूदगी से कार्यक्रम की शोभा बढ़ायी। वेनेशिएन रिसार्ट में आइफा अवार्ड समारोह को थीम बना कर कई गतिविधियां चल रही हैं। रिसार्ट के कारीडोर में हिंदी गाने सुनाई पड़ रहे हैं तो रेस्तरां और काफी सेंटर के मेन्यू में भारतीय व्यंजन शामिल हो गए है। फिल्म स्टारों को देखने और उनसे मिलने के लिए प्रशंसकों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। भारत से स्टारों का क्रम जारी है। पिछली रात को पहले से आए कई स्टारों को कैसिनो में अपनी किस्मत आजमाते देखा गया।
-अजय ब्रह्मात्मज