
मकाऊ। सुपरस्टार ऐश्वर्या राय बच्चन और शाहरुख खान को यहां आईफा पुरस्कारों में दशक का अभिनेता-अभिनेत्री घोषित किया गया। जबकि रितिक रोशन को जोधा-अकबर के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और फैशन के लिए प्रियंका चोपड़ा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवार्ड मिला। संगीत व तकनीकी श्रेणियों के अवार्ड में भी आशुतोष गोवारिकर की फिल्म जोधा-अकबर छाई रही।
ऐश्वर्या को भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में काम के लिए दो पुरस्कार मिले, जबकि शाहरुख खान को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में ऐश्वर्या ने दोनों ट्राफियां स्वयं ग्रहण कीं, जबकि शाहरुख समारोह में हिस्सा नहीं ले सके क्योंकि वह अपनी नई फिल्म माइ नेम इज खान की शूटिंग में व्यस्त हैं। छोटे पर्दे से अपना करियर शुरू करने वाले अभिनेता शाहरुख ने यह उपाधि हासिल करने में आमिर खान, सलमान खान, अक्षय कुमार और अभिषेक बच्चन को पीछे छोड़ा। जबकि पिछले दस साल में अपने स्मरणीय प्रदर्शन के लिए गोल्डन डिकेड पुरस्कार जीतने वाली ऐश्वर्या ने रानी मुखर्जी, प्रीटी जिंटा, करीना कपूर और प्रियंका चोपड़ा को पटखनी दी। पिंक पैंथर और प्रोवोक्ड जैसी चर्चित फिल्मों के जरिए ऐश्वर्या ने वैश्विक स्तर पर पहचान हासिल की, जबकि खान के भी दुनियाभर में प्रशंसक हैं। उन्हें बालीवुड का बादशाह कहा जाता है।
पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय ने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में उल्लेखनीय उपलब्धि का पुरस्कार जीता जो पिछले साल संगीतकार एआर रहमान को मिला था। रहमान ने भारतीय फिल्मों में अपने योगदान के लिए गोल्डन डिकेड आफ म्यूजिक अवार्ड जीता। इसके अलावा उन्हें सर्वश्रेष्ठ पार्श्व संगीत के लिए भी सम्मानित किया गया। रहमान के साथ ही आस्कर पुरस्कार जीतने वाले रेसुल पुकुट्टी को फिल्म गजनी के लिए सर्वश्रेष्ठ साउंड रिकार्डिग के लिए अवार्ड दिया गया।
जोधा-अकबर के गाने जश्न-ए-बहारां के लिए जावेद अली को सर्वश्रेष्ठ गायक व सिंह इज किंग के गाने तेरी ओर के लिए श्रेया घोषाल को सर्वश्रेष्ठ गायिका का सम्मान दिया गया। तकनीकी श्रेणियों में जोधा-अकबर को पांच अवार्ड मिले। गजनी को इन श्रेणियों में तीन अवार्ड मिले।
फराह खान को सर्वश्रेष्ठ नृत्य निर्देशिका, ओय लकी, लकी ओय के लिए मनु रिषी को सर्वश्रेष्ठ संवाद और ए वेडनेसडे के लिए नीरज पांडे को सर्वश्रेष्ठ पटकथा का सम्मान दिया गया। समारोह में अभिनेता राजेश खन्ना को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया। जबकि अर्जुन रामपाल को राक आन के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेता और कंगना को फैशन के लिए सर्वश्रेष्ठ सह अभिनेत्री का सम्मान दिया गया। सर्वश्रेष्ठ नवागत अभिनेता का अवार्ड फरहान अख्तर को और सर्वश्रेष्ठ नवागत अभिनेत्री का अवार्ड असिन को दिया गया। अक्षय खन्ना को रेस के लिए सर्वश्रेष्ठ खलनायक का अवार्ड मिला।