बिपाशा बनीं पर्यावरण मंत्री!

बिपाशा बनीं पर्यावरण मंत्री!

मकाऊ। फर्ज कीजिए कि बॉलीवुड के कलाकारों को यदि केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किया जाए तो किसे कौन सा मंत्रालय मिलेगा।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म अकादमी [आईफा] के पुरस्कार समारोह की मेजबानी कर रहे अभिनेता बोमन ईरानी और रितेश देशमुख ने शनिवार को कुछ ऐसा ही करने का प्रयास किया। दोनों कलाकारों ने अपनी ड्रीम कैबिनेट बनाई और उसमें बिपाशा बसु, आमिर खान, अक्षय कुमार और आशुतोष गोवारिकर जैसे कलाकारों को शामिल किया।

बोमन और देशमुख ने कहा कि बिपाशा को भारत का पर्यावरण मंत्री बनाया जाना चाहिए क्योंकि पूरे विश्व में ग्लोबल वार्मिग की मुख्य वजह यह हॉट अभिनेत्री ही है। दोनों ने मजकिया लहजे में कहा कि उनके ड्रीम कैबिनेट में बिपाशा का शामिल होना जरूरी है।

बोमन और देशमुख के ड्रीम कैबिनेट में बिपाशा के अलावा निर्देशक आशुतोष गोवारिकर कृषि मंत्री और युवा मामलों की मंत्री के रूप में अभिनेत्री कैटरीना कैफ शामिल हैं। दोनों मेजबानों ने कहा कि आशुतोष को कृषि मंत्री इसलिए बनाया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने बॉलीवुड को लगान जैसी फिल्म दी है, जो ग्रामीण समुदाय पर आधारित है। कैटरीना कैफ को दोनों ने युवा मामलों का मंत्री बनाए जाने की पेशकश की। उनके मुताबिक ऐसा इसलिए क्योंकि आज का हर युवा कैटरीना से ही बात करना चाहता है। दोनों की इच्छा है कि निर्देशक राकेश रोशन को फिल्म कोयला बनाने के कारण कोयला मंत्री का काम सौंपा जाना चाहिए। कोयला फिल्म बनाकर उन्होंने कोयले के बारे में बहुत कुछ जानकारी एकत्र की है।

अभिनेता आमिर खान के बारे में बोमन और देशमुख ने कहा कि उन्हें देश का गृहमंत्री बनाना चाहिए क्योंकि वह साल में 11 महीने घर में ही रहते हैं और वर्ष के अंत में एक फिल्म प्रदर्शित करते हैं। दूसरी ओर महंगे कलाकार अक्षय कुमार को दोनों वित्त मंत्री के रूप में देखना चाहते हैं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित