संतुष्ट होने के बाद ही फिल्म में काम करता हूं: मिथुन

संतुष्ट होने के बाद ही फिल्म में काम करता हूं: मिथुन

नई दिल्ली। दो अनजाने, हम पांच, अग्निपथ, डिस्को डांसर, गुरू जैसी फिल्मों से बॉलीवुड में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने फिल्म जोर लगा के हइया में भिखारी की अपनी भूमिका को दिलचस्प बताते हुए कहा है कि ऐसी फिल्म बनाने के लिए कलेजा चाहिए।

मिथुन चक्रवर्ती ने अपने जन्मदिन की पूर्व संध्या पर कहा फिल्म जोर लगा के हइया की कहानी पांच बच्चों, एक भिखारी और एक बिल्डर के इर्द गिर्द घूमती है। इस फिल्म में मैंने भिखारी का किरदार निभाया है जो एक सोसाइटी के सामने एक पेड़ पर बने झोपड़े में रहता है।

गौरतलब है कि फिल्म जोर लगा के हइया 12 जून को रिलीज हुई है। उन्होंने कहा फिल्म में महत्वपूर्ण मोड़ उस समय आता है जब बिल्डर इमारत खड़ी करने के लिए उस पेड़ को काटना चाहता है। इस पेड़ को बचाने के लिए बच्चे और भिखारी मिलकर उस बिल्डर से संघर्ष करते हैं।

मिथुन ने कहा यह कहानी मूल रूप से शहरीकरण के बीच पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के सच को उजागर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा इस फिल्म की कहानी मुझे काफी पसंद आई और गिरीश ने इस फिल्म को काफी मेहनत से बनाया है। ऐसी कहानी पर फिल्म बनाने के लिए कलेजा चाहिए।

मिथुन ने कहा मैं जब तक किसी फिल्म की कहानी से संतुष्ट नहीं होता हूं तब तक उसके बारे में प्रश्न पूछता रहता हूं और पूरी तरह से संतुष्ट होने के बाद ही फिल्म पर काम करता हूं। 16 जून 1950 को पश्चिम बंगाल में जन्मे मिथुन ने कहा कि वह अपना जन्मदिन अपने परिवार के सदस्यों और कुछ खास मित्रों के साथ सादे अंदाज में मनाते हैं।

जीटीवी पर डांस इंडिया डांस रियलिटी शो में जज की भूमिका के बारे में एक प्रश्न पर उन्होंने कहा मैं इस बात को स्वीकार करता हूं कि डांस इंडिया डांस जैसे रियलिटी शो में जज की भूमिका निभाना काफी कठिन होता है क्योंकि इसके लिए मेरे पास पहले से तैयार कोई स्क्रिप्ट नहीं होती थी और प्रदर्शन के आधार पर निर्णय देना होता था।

उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा कार्यक्रम था जिसके बारे में पहले से कोई अंदाजा नहीं लगाया जा सकता था। रियलिटी शो में ड्रामा को स्क्रिप्ट का हिस्सा बनाए जाने के एक प्रश्न पर मिथुन ने कहा मैं 33 वर्षो से अधिक समय से फिल्मों में काम कर रहा हूं। जो लोग मुझे जानते हैं वह मुझसे ऐसा नहीं कह सकते हैं। अपने पुत्र मिमोह के बारे में उन्होंने कहा उसकी पहली फिल्म जिम्मी नहीं चली, इसके बावजूद मेरा पूरा विश्वास है कि उसका भविष्य उज्जवल है। जल्द ही मैं मिमोह के साथ पर्दे पर नजर आऊंगा।

मिथुन चक्रवर्ती को सलमान खान के साथ फिल्म वीर, डिम्पल कपाडिया के साथ फिर कभी, संजय दत्त के साथ सोहम के निर्देशन में बनने वाली फिल्म लक से काफी उम्मीदें हैं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(3) वोट का औसत

average:4.333334
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित