
मुंबई। राज कुंद्रा ने अपनी दोस्त शिल्पा शेट्टी के जन्मदिन पर उनके लिए क्या-क्या किया था, यह धीरे-धीरे सामने आ रहा है। पहले तो पता चला कि उन्होंने आठ जून को लंदन में शिल्पा के लिए एक शानदार सरप्राइज पार्टी दी थी। अब पता चला है कि राज ने शिल्पा को लंदन में एक खूबसूरत फ्लैट भी भेंट किया था। मध्य लंदन में स्थित दो बेडरूम के इस फ्लैट की कीमत आठ करोड़ रुपये है।
शिल्पा के एक करीबी सूत्र का कहना है कि दक्षिण अफ्रीका में आईपीएल मैच खत्म होते ही राज अपने साथ शिल्पा को दो सप्ताह की छुट्टी पर ले गए। शिल्पा के जन्मदिन तक दोनों साथ रहे। आठ जून को दोनों ने खूब मस्ती की और सरप्राइज गिफ्ट के तौर पर राज ने शिल्पा को साउथ केनसिंगटन स्थित फ्लैट की चाबी सौंपी। बॉलीवुड बाला के एक करीबी सूत्र की मानें तो राज से यह तोहफा पाकर शिल्पा दंग रह गई।