
मुंबई। शीर्षस्थ अभिनेत्री कैटरीना कैफ अब लेखन में हाथ आजमाना चाहती हैं। वे फिल्म की पटकथा लिखने का मन बना चुकी हैं। एक मुलाकात में कैटरीना कैफ ने इस दिली ख्वाहिश के बारे में बताया, मैं पटकथा लिखना चाहती हूं। उस प्रकार के लेखन में मेरी रूचि है। मैं क्रिएटिव इंसान हूं। मैं हमेशा कुछ नया तलाशती रहती हूं। पिछले दिनों एक अखबार के लिए मैं कॉलम भी लिखने वाली थी। उस कॉलम में अपनी नयी फिल्म न्यूयॉर्क की शूटिग से जुड़े अनुभवों को बांटने की मेरी योजना थी, लेकिन बाद में मैंने सोचा कि मेरा कॉलम पढ़कर लोगों के मन में फिल्म को लेकर कोई गलत धारणा न बन जाए इसलिए मैंने वह विचार छोड़ दिया। कुछ लोगों ने मुझसे ब्लॉग लेखन के बारे में कहा, लेकिन मेरे लिए ब्लॉग लिखना मुमकिन नहीं है। हां, मैं पटकथा एक न एक दिन जरूर लिखूंगी।
-रघुवेन्द्र सिंह