
उदयपुर। राखी सावंत ने टीवी रियलिटी शो के जरिए अपने हमसफर का चुनाव करने का निर्णय लिया है, लेकिन इस आइटम गर्ल का कहना है कि वह सभी 16 प्रतिभागियों के साथ शादी कर आधुनिक युग की द्रौपदी बनने की तमन्ना रखती हैं।
राखी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महाभारत की द्रौपदी की तरह मैं सभी 16 प्रतिभागियों से शादी करना चाहती हूं क्योंकि सभी अच्छे लोग हैं। यहां शानदार होटल में टीवी शो राखी सावंत का स्वयंवर की शूटिंग चल रही है। राखी ने कहा कि वह इस पूरे अनुभव का मजा ले रही हैं, जिसमें उन्हें राजकुमारियों जैसी अनुभूति हो रही है। 28 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि मैं उदयपुर की राजकुमारी जैसी अनुभव कर रही हूं और यह बेहद मजेदार अनुभव है। बड़बोली अदाकारा ने किसी एक प्रतिभागी को पसंदीदा बताने से बचते हुए कहा कि वह सभी को पसंद करती हैं। देशभर से प्राप्त हुई 12,515 प्रविष्टियों में से राखी ने कार्यक्रम के लिए प्रतिभागियों का चुनाव किया था। यह शो एनडीटीवी इमेजिन पर 29 जून से शुरू होने जा रहा है।