
नई दिल्ली। मशहूर सूफी गायक कैलाश खेर भी अन्य कलाकारों की तरह ग्लोबल हो गए हैं। जी हां, उन्होंने अब ऑस्कर पुरस्कार विजेता ए. आर. रहमान के साथ कपल्स रिट्रीट नामक हॉलीवुड फिल्म में काम कर उसमें अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने की तैयारी कर ली है। अपने पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे से पहले खेर ने कहा कि वह लॉस एंजिल्स में हॉलीवुड के बड़े मंच पर प्रदर्शन करने को लेकर उत्साहित हैं। अपने तीसरे एल्बम कैलाशा, चांदन में के प्रचार के लिए राजधानी आए खेर ने कहा कि मुझे हॉलीवुड बॉल, सैन फ्रांसिसको और ब्रुकलिन के संगीत महोत्सव में प्रदर्शन करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
गौरतलब है कि 33 वर्षीय खेर ने हॉलीवुड की फिल्म कपल्स रिट्रीट में रहमान के साथ काम किया है। यह फिल्म स्लमडॉग मिलेनियर के बाद रहमान की पहली फिल्म है। इसमें हॉलीवुड स्टार विंस वॉगन और जैसन बेटमैन भी काम कर रहे हैं। खेर ने कहा कि अगर अच्छी गुणवत्ता का काम मिले, तो वह इसके बाद भी हॉलीवुड में काम करने को तैयार हैं। उन्होंने रहमान के साथ काम करने के संबंध में कहा कि मैने फिल्म में रहमान के साथ तराना गाया है और उनके साथ काम करने में हमेशा एक अलग अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पश्चिम से आए आमंत्रण को ऐसे ही स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने अपने काम में रचनात्मक संतुष्टि को प्राथमिकता दी।