
नई दिल्ली। दिल्ली की गर्मी और सर्दी तो लोगों को हलकान करने के लिए मशहूर हैं। आम लोगों ने तो इनके साथ जीना-मरना सीख लिया है, लेकिन आज मशहूर बॉलीवुड अदाकारा दीपिका पादुकोण जब दिल्ली आईं तो गर्मी की मार ने उन्हें इस कदर बेचैन किया कि उनका मेकअप तो पसीने में धुल गया। आखिरकार, दीपिका यह कहने को मजबूर हो गईं उफ, ये गर्मी तो थका देने वाली है।
दरअसल, दीपिका घड़ी बनाने वाली एक अंतरराष्ट्रीय कंपनी टिसॉट्स के शोरूम के उद्घाटन के सिलसिले में दिल्ली आई थीं। दीपिका की अब आने वाली फिल्म है लव आज कल। यह फिल्म आजकल के प्यार और रिश्तों पर बनाई गई है। दीपिका ने कहा कि यह फिल्म पूरे परिवार के साथ बैठकर देखी जा सकती है। दीपिक ने उन खबरों को बेबुनियाद बताया जिनमें करीना कपूर के साथ एक रोल को लेकर मनमुटाव की बात की गई।