बड़े बजट की फिल्में रिलीज करेंगा बॉलीवुड

बड़े बजट की फिल्में रिलीज करेंगा बॉलीवुड

मुंबई। निर्माताओं और मल्टीप्लेक्स मालिकों के बीच कमाई के बंटवारे को लेकर लंबे समय तक चले विवाद से हुए भारी नुकसान के बाद फिल्म उद्योग को अब बड़े बजट की फिल्मों के रिलीज से फिर से किस्मत संवरने की उम्मीद है और इसी क्रम में आज जॉन एवं कैटरीना की न्यूयार्क सिनेमाघरों में रिलीज हुई। कमबख्त इश्क, लव आज कल, कामिनी और व्हाट इज यॉर राशि सहित कुछ फिल्में आगामी महीनों में रिलीज होने की कतार में हैं। फिल्म जगत अपने चेहरे की मुस्कान वापस लाने के लिए इन फिल्मों पर टिका है। क्योंकि यह साल बॉक्स ऑफिस पर सफलता के मामले में फिल्म उद्योग के लिए शुभ नहीं रहा है।

यशराज फिल्म्स के बैनर तले बनी जॉन अब्राहम, कैटरीना कैफ और नील नितिन मुकेश अभिनीत न्यूयॉर्क की आज धमाकेदार शुरूआत हुई। इसके बाद तीन जुलाई को अक्षय कुमार और करीना कपूर की कमबख्त इश्क तथा सैफ अली खान के प्रोडक्शन की लव आज कल 31 जुलाई को रिलीज होगी। व्यवसाय विश्लेषक तरन आदर्श ने कहा कि बड़े बजट की फिल्मों से फिल्म उद्योग में रोमांच पैदा होगा। उन्होंने कहा कि परेशानी से गुजर रहा फिल्म उद्योग अच्छे की उम्मीद कर रहा है। इसके लिए इंतजार करना होगा और देखना होगा कि आगामी हफ्तों में दर्शकों की क्या प्रतिक्रिया रहती है। 2009 बॉलीवुड के लिए पहले से ही बुरा साल रहा है।

फिल्म उद्योग के सूत्रों का कहना है कि दर्शकों की रुचि बदल गई है और अब सिर्फ बड़े बजट की फिल्मों से ही उन्हें नहीं खींचा जा सकता। सबसे बड़ी चुनौती उन्हें बड़ी संख्या में सिनेमा हाल तक लाने की है और अब अच्छा कंटेंट ही देखा जाएगा। पिछले दो हफ्तों में जब से विवाद का समाधान हुआ है, तब से सिर्फ सुभाष घई की पेइंग गेस्ट्स बड़े बजट की ऐसी फिल्म है जो रिलीज हुई है। आलोचक हालांकि फिल्म को फ्लॉप बता चुके हैं, लेकिन सुभाष घई का कहना है कि फिल्म पहले हफ्ते में ही 80 प्रतिशत कमाई कर चुकी है। अगले कुछ महीनों में रिलीज होने वाली बड़ी फिल्मों में शाहिद कपूर और प्रियंका चोपड़ा की कामिनी भी शामिल है। विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होगी। आशुतोष गोवारिकर की व्हाट इज योर राशि 25 सितंबर को रिलीज होगी, जिसमें प्रियंका चोपड़ा और हरमन बवेजा हैं। धर्म प्रोडक्शन की कॉमेडी फिल्म वेक अप सिड दो अक्तूबर को रिलीज होनी है जिसमें रणबीर कपूर और कोंकणा सेन शर्मा हैं। रोमांटिक कॉमेडी फिल्म मैं और मिसेज खन्ना 16 अक्तूबर को सिनेमाघरों में आएगी जिसमें सलमान खान और करीना कपूर का जलवा दिखेगा। डेविड धवन की जॉन अब्राहम और जेनेलिया डिसूजा अभिनीत हुक या क्रुक 11 दिसंबर को रिलीज होनी है।

नए साल में तब्बू और श्रेयस तलपडे की कॉमेडी फिल्म सीजन्स ग्रीटिंग्स एक जनवरी को और राजनीतिक ड्रामा वाली फिल्म राजनीति 22 जनवरी को रिलीज होनी है जिसमें रणबीर कपूर, कैटरीना कैफ, अजय देवगन, नाना पाटेकर और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकारों ने काम किया है। राजीव खंडेलवाल की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म पीटर गया काम से और इरफान खान की पान सिंह तोमर क्रमश: 12 और 26 फरवरी को रिलीज होंगी। देवेन खोटे के निर्देशन वाली फिल्म सिटी 12 मार्च को रिलीज होगी, जिसमें स्टार के रूप में जॉन अब्राहम होंगे।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित