
नई दिल्ली। हिंदी फिल्म जगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन के असमय निधन से शोकाकुल है। बॉलीवुड का कहना है कि और कोई माइकल जैक्सन की जगह नहीं ले सकता क्योंकि वह अपने तरह के इकलौते कलाकार थे।
50 साल के जैक्सन की बृहस्पतिवार को लॉस एंजेलिस में ह्दय गति रुकने के कारण मौत हो गई। जैक्सन न सिर्फ अपने शानदार संगीत के लिए मशहूर थे बल्कि दुनिया उन्हें बेहतरीन नृत्य के लिए भी जानती थी।
हिंदी फिल्म जगत के कुछ दिग्गजों ने जैक्सन के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख जताया है:
अनुराग बासू: यह एक युग का अंत है। हम सभी जैक्सन के गाने सुनकर बड़े हुए हैं। उनके निधन की खबर बेहद दुखदाई और चकित करने वाली है।
शंकर महादेवन: जैक्सन ने अपने हिट एलबम थ्रिलर के माध्यम से हमें कुछ अलग हटकर सोचने पर मजबूर किया। वह आधुनिक संगीत के एक संस्थान की तरह थे।
सुखविंदर सिंह: जैक्सन का निधन संगीत जगत के लिए महान क्षति है। लोग उन्हें किंग ऑफ पॉप के नाम से जानते थे लेकिन उनके संगीत में इतनी विविधता थी कि उन्हें दायरे में रखना ठीक नहीं।
सुनिधि चौहान: उनके जैसा कोई नहीं है। उनके द्वारा गाया गया मेरा पसंदीदा गाना आई जस्ट कांट स्टॉप लविंग यू है।
पलास सेन: मैं जैक्सन का बहुत बड़ा प्रंशसक हूं। जैक्सन ने आधुनिक पॉप संगीत को पहचान दी और हमें दिए संगीत के अनगिनत पाठ। वह सही मायने में पॉप जगत के भगवान थे। मेरे ख्याल से वह एकमात्र ऐसे गायक हैं, जिन्हें दुनिया भर में लोग पहचानते हैं।
दिबाकर बनर्जी: मैं जैक्सन को उनके दो गानों बिली जीन और थ्रिलर के लिए याद करता रहूंगा।
आरती कक्कड : वह पॉप जगत के बादशाह थे और रहेंगे। उनके निधन से पूरी दुनिया को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।
सुभाष घई: जैक्सन ने अपनी काबिलियत के दम पर लोगों की सोच को बदलकर रख दिया, यही कारण है कि भारत सहित दुनिया भर में उनके करोड़ों प्रशंसक हैं।
मधुर भंडारकर: हम पिछले 30 वर्षो से जैक्सन का संगीत सुनते आ रहे हैं। उन्होंने अपने संगीत के दम पर पूरी दुनिया को एक अलग तरह के माहौल में वशीभूत कर रखा था। उनका निधन महान क्षति है।