
नई दिल्ली। संजय दत्त 49 वर्ष की उम्र में भी खतरनाक स्टंट दृश्य करने से परहेज नहीं कर रहे हैं। उन्होंने लक फिल्म के एक दृश्य के लिए एक तेज रफ्तार रेलगाड़ी पर से छलांग लगाई, जिसमें उनके हाथ पीछे बंधे थे।
निर्देशक सोहम शाह के अनुसार संजय का दृश्य फिल्म का सबसे बड़ा और खर्चीला दृश्य है। शाह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा इस दृश्य के लिए संजय ने किसी सुरक्षा उपाय का प्रयोग नहीं किया। परंतु शाह ने उनकी सुरक्षा के लिए सभी तैयारी की थी।
संजय ने कहा कि उन्होंने काफी दिन से कोई खतरनाक दृश्य नहीं किया था, इसलिए यह मौका मिलते ही वह तैयार हो गए। उन्होंने बताया कि रेलगाड़ी से कूदने से पहले वह थोड़ा घबराए जरूर थे लेकिन सभी चीजें ठीक तरह से हो गई।
इस दृश्य का निर्देशन एक्शन निर्देशक एलेन अमीन ने किया और इसे गोवा में फिल्माया गया। अमीन ने बताया कि मुंबई जैसे बड़े शहरों में ऐसे दृश्यों को फिल्माना असंभव था, इसलिए इसे गोवा में फिल्माया गया। अधिकारियों ने इसमें काफी सहायता दी। पांच दिन की शूटिंग में पांच ट्रेनों का उपयोग किया गया और प्रत्येक दिन की लागत 1.5 करोड़ रुपये से अधिक थी। लक में इमरान खान, श्रुति हसन और मिथुन चक्रबर्ती की भी भूमिकाएं है। यह 24 जुलाई को रिलीज होगी।