ई.बे पर फिल्मी पोस्टरों की नीलामी

ई.बे पर फिल्मी पोस्टरों की नीलामी

नई दिल्ली। फिल्मों के प्रचार में कागज पर छपे कलाकारों के चित्र और रोचक दृश्यों वाले पोस्टर ई.बे नीलामी साइट पर बिक्री के लिए जारी किए गए हैं जिसमें राजकपूर, देवानंद, दिलीप कुमार, मधुबाला, किशोर कुमार, संजीव कुमार जैसे पुराने कलाकरों और उनकी फिल्में नए दौर की फिल्मों पर भारी पड़ रही है।

ई.बे नीलामी साइट पर बिक्री के लिए रखे गए पोस्टरों में दिलीप कुमार और नर्गिस अभिनीत 1948 में बनी फिल्म मेला का मूल पोस्टर शामिल है। नीलामी के लिए इसकी न्यूनतम कीमत 500 रूपए रखी गई है।

इसके अलावा राजकपूर की 1954 में बनी फिल्म बूट पालिश, मधुबला अभिनीत 1956 की फिल्म शीरी फरहाद, 1956 में बनी राजकपूर अभिनीत फिल्म जागते रहो, 1962 में बनी किशोर कुमार अभिनीत फिल्म हाफ टिकट और 1965 में बनी संजीव कुमार अभिनीत फिल्म निशान के मूल पोस्टर भी साइट पर बिक्री के लिए रखे गए हैं। इन सभी फिल्मों के पोस्टरों की नीलामी के लिए न्यूनतम बोली 500 रूपए निर्धारित की गई है। जबकि दिलीप कुमार अभिनीत फिल्म नया दौर के पोस्टर की बोली के लिए 590 रूपए की न्यूनतम राशि निर्धारित की गई है।

गुजरे जमाने की इन फिल्मों के पोस्टरों ने ई.बे पर नीलामी में नए दौर की फिल्मों को बोली की राशि के मामले में पीछे छोड़ दिया है। रितिक रोशन और एश्वर्या राय बच्चन अभिनीत फिल्म जोधा अकबर के पोस्टर की नीलामी के न्यूनतम बोली 299 रूपए निर्धारित की गई है जबकि अमिताभ, शाहरूख, काजोल अभिनीत फिल्म कभी खुशी कभी गम की न्यूनतम बोली 250 रूपए रखी गई है।

ई.बे पर नीलामी के लिए रखे गए नए फिल्मों के पोस्टरों में आमिर खान की आस्कर पुरस्कार के लिए नामित फिल्म लगान का पोस्टर भी शामिल है जिसकी बिक्री के लिए न्यूनतम बोली 300 रूपए निर्धारित की गई है जबकि अभिषेक बच्चन की फिल्म धूम के मूल पोस्टर की न्यूनतम बोली भी 300 रूपए है। हालांकि ओम शांति ओम के पोस्टर की बिक्री के लिए न्यूनतम बोली 1,199 रूपए रखी गई है।

बॉलीवुड के कलाकारों के विंटेज पोस्टरों की नीलामी की बोली में भी गुजरे जमाने की फिल्मी हस्तियों ने नए जमाने के सुपर स्टारों को पीछे छोड़ दिया है। ई.बे साइट पर अभिनेता दिलीप कुमार के विंटेज पोस्टर 250 रूपए में, एवरग्रीन देवानंद के विंटेज पोस्टर 250 रूपए तथा अमिताभ बच्चन के पोस्टर 150 रूपए से 350 रूपए के बीच बिक्री के लिए रखे गए हैं। दूसरी ओर शाहरूख खान के पोस्टर 40 रूपए से 150 रूपए के बीच, एश्वर्या राय के पोस्टर 50 रूपए से 150 रूपए के बीच और आमिर खान के पोस्टर भी 150 रूपए की न्यूनतम बोली पर बिक्री के लिए रखे गए हैं।

ई.बे साइट पर अमिताभ बच्चन और रजनीकांत अभिनीत फिल्म गिरफ्तार के मूल पोस्टर 1,999 रूपए की न्यूनतम बोली पर जबकि फिरोज खान एवं चित्रा अभिनीत 1962 की वाडिया ब्रदर्स की फिल्म राजू रिपोर्टर के पोस्टर 500 रूपए की न्यूनतम बोली पर नीलामी के लिए रखे गए है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित