
नई दिल्ली। बॉलीवुड के एक्शन किंग कहे जाने वाले अक्षय कुमार खुद को बॉलीवुड का मसखरा कहलाना ज्यादा पसंद करते हैं, लेकिन किंग नहीं।
आज रिलीज हुई कमबख्त इश्क के प्रचार में करीना कपूर के साथ दिल्ली आए अक्षय ने कहा, मुझे बॉलीवुड का किंग कहलाने से नफरत है। इससे बेहतर है कि मुझे मसखरा कहा जाए। मेरी मुख्य चिंता लोगों का मनोरंजन करने की है।
उल्लेखनीय है कि अक्षय ने कमबख्त इश्क में सिलवेस्टर स्टैलन, बाण्डगर्ल रिचर्ड और ब्रैन्डन रथ जैसे हॉलीवुड के चेहरों के साथ काम किया है। इस फिल्म में अक्षय हॉलीवुड स्टंटमैन की भूमिका में नजर आएंगे। उनकी अन्य फिल्मों की तरह यह फिल्म भी पूरी तरह से बॉलीवुड मसाला फिल्म है।
उन्होंने कहा कि उनके लिए तर्क कोई मायने नहीं रखता। उन्होंने 8.10 तस्वीर जैसी तर्कपूर्ण फिल्म में काम किया, लेकिन यह फ्लाप हो गई। उन्होंने कहा कि फिल्में जिन्दगी से ज्यादा बड़ी होती हैं। उनकी इस फिल्म में कॉमेडी भी है, एक्शन भी है, भावनाएं भी हैं और सेक्स के लिए लड़ाई भी।
बॉलीवुड में कई फिल्मों में अपने स्टंट को लेकर चर्चित अक्षय को सबसे अच्छा एक्शन हीरो कहा जा सकता है, लेकिन उनका कहना है कि कई डरावने कारनामों को करने से पहले डर से उबरने में उन्हें भी संघर्ष करना पड़ता है।
फिल्म में रिचर्ड के साथ अपने किस सीन पर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि उन्होंने जितनी जरूरत थी, सिर्फ वहीं किया है। उन्होंने कहा, कमबख्त इश्क सम्मिलित संस्कृतियों का प्रतिनिधित्व करती है। मैंने वहीं किया जो जरूरी था।
अक्षय ने कहा, भावनात्मक रोल करना बहुत आसान होता है, इसमें आपको सिर्फ थोड़ा सा ग्लिसरीन लगाना होता है। लेकिन कॉमेडी करके लोगों को हंसाना बहुत मुश्किल काम है।