
नई दिल्ली। छोटे पर्दे पर अब तक स्मृति ईरानी, साक्षी तंवर और श्वेता तिवारी जैसी अभिनेत्रियों का जादू चलता रहा है, लेकिन अब दर्शकों को नए चेहरे भी पसंद आने लगे हैं।
इन दिनों टेलीविजन के दर्शकों को लुभाने के लिए टीवी सीरियलों में नए चेहरे पेश किए जा रहे हैं। स्टार प्लस पर दिखाए जा रहे सबकी लाडली बेबो में 16 वर्षीय शिवशक्ति सचदेव, और ये रिश्ता क्या कहलाता है में हिना खान नजर आ रही हैं। दूसरी ओर एनडीटीवी इमैजिन और कलर्स ने नए टैलेंट शो के तौर पर बंदिनी ज्योति और बालिका वधू शुरू किया है। हिना के मुताबिक आज के दौर में छोटे पर्दे पर एक बदलाव दिख रहा है। प्रत्येक चैनल नए और युवा चेहरों को मौका दे रहे हैं। गौरतलब है कि हिना इस वक्त ये रिश्ता क्या में अक्षरा की भूमिका निभा रही हैं। हिना ने बताया कि टेलीविजन पर इन दिनों युवा और नए चेहरों की वरीयता दी जा रही है। लोग अब सास-बहू जैसे सीरियलों से थक चुके हैं। अब दर्शक कुछ नया देखना चाहते हैं।
सितारों की नई ब्रिगेड में 11 वर्षीय बाल कलाकार अविका गोर भी है, जो कि बालिका वधू में दुल्हन के रूप में आनन्दी की भूमिका निभा रही है। इसी प्रकार 17 वर्षीय आसिया काजी एनडीटीवी इमैजिन पर दिखाए जा रहे बंदिनी में पत्नी की भूमिका निभा रही है। इसमें उसका पति उम्र में उससे काफी बड़ा है। आसिया ने बताया कि किसी भी काम को साबित करने के लिए नए चेहरों में बड़े लोगों के मुकाबले अधिक जुनून और क्षमता मौजूद होती है। हालांकि मुझे अभी इस पेशे में तीन साल हुए हैं, लेकिन मैं खुश हूं।