
मुंबई। आएशा टाकिया के ओपोजिट पहली बार सुनील शेट्टी एबीसीएल की फिल्म आपके लिए हम में नजर आएंगे। गौरतलब है कि आपके लिए हम फिल्म का निर्देशन रेवती शर्मा कर रही हैं। यह उन्हीं की तमिल फिल्म जून आर का हिंदी रीमेक है। इसमें जया बच्चन, रवीना टंडन, उर्वशी शर्मा, आर.माधवन भी हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले काफी दिनों से रेवती अपनी फिल्म के दूसरे नायक की तलाश कर रही थीं। वे कई कलाकारों से मिली भी थीं, लेकिन छोटा किरदार और महिला केंद्रित फिल्म होने के कारण सभी कलाकारों ने फिल्म में काम करने से इंकार कर दिया। अंत में रेवती ने सुनील शेट्टी से संपर्क किया। सुनील शेट्टी को फिल्म की कहानी अच्छी लगी और उन्होंने हां कह दिया। रेवती शर्मा ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही सुनील शेट्टी के साथ हम फिल्म की शूटिंग करेंगे। फिल्म का एक शेड्यूल समाप्त हो चुका है। इसका दूसरा शेड्यूल सितंबर माह में है।
-रघुवेन्द्र सिंह