बचपन में हकलाते थे रितिक

बचपन में हकलाते थे रितिक

मुंबई। बॉलीवुड के शीर्ष अभिनेताओं में शुमार और प्रभावी संवादों के लिए लोकप्रिय रितिक रोशन के अनुसार उनका बचपन हकलाने के कारण समस्याग्रस्त था। फिल्म कहो ना प्यार है से रातों रात सफल अभिनेता की सूची में शामिल होने वाले रितिक ने इस बात का खुलासा किया कि जब उनकी उम्र छह साल के आसपास थी तो वह ठीक से बोल नहीं पाते थे।

फराह खान के चैट शो तेरे मेरे बीच में में रितिक ने कहा, जब तक आप बोलना शुरू नहीं करते सब कुछ ठीक लगता है। जैसे ही आप बोलना शुरू करते हैं, आप अटक जाते हैं और पता नहीं चलता क्यों। आपको यह नरक जैसा लगता है। अपने स्कूली दिनों को याद करते हुए रितिक ने कहा कि उनके सहपाठी उन्हें इस पर चिढ़ाते थे। रितिक ने कहा, बचपन में किसी का इस तरह की समस्या से सामना करना वाकई नरक की तरह है। आपको नरक के इन सभी क्षणों से गुजरना होता है। रितिक ने कहा कि उनके लिए उन दिनों मौखिक परीक्षा देना काफी दुष्कर होता था। उन्होंने कहा, स्कूल में मौखिक परीक्षाओं के दौरान मैं स्कूल बंक कर देता था। मैं बीमार पड़ जाता था या अपना हाथ तोड़ लेता था।

जब रितिक से पूछा गया कि बोलने में उन्होंने कब तक परेशानी का सामना किया तो उन्होंने कहा, छह साल से 35 साल की उम्र तक। मैं 35 साल का हूं। हालांकि उन्होंने बताया कि धीरे-धीरे उनके बोलने में सुधार हुआ। उन्होंने हर दिन स्पीच थैरेपी के जरिए अभ्यास शुरू किया। रितिक की अगली फिल्म काइट इस साल के अंत तक रिलीज होने की संभावना है।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(4) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित