
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के अपनी सह-अभिनेत्रियों के साथ बुरे बर्ताव के खतरनाक किस्से तो आम है, लेकिन यहां कहानी कुछ और है। फिल्म मैं और मिसेज खन्ना की शूटिंग के दौरान सलमान ने अपनी सह-कलाकार करीना कपूर की मदद की थी।
करीना कपूर ने कहा, सलमान हमेशा बहुत रक्षात्मक रहते हैं। मुझे जब भी उनकी जरूरत होती है तब वह हमेशा उपलब्ध रहते हैं। ऐसा इसलिए भी है कि मेरी बहन करिश्मा, सलमान की पसंदीदा सह-अभिनेत्रीयों में से है। थाईलैंड के फी फी समुद्र तट पर मैं और मिसेज खन्ना के रोमांस से भरे एक गीत की शूटिंग के दौरान करीना ने सलमान की उनके लिए फिक्र को महसूस किया था। यह फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होगी। फी फी के समुद्री किनारे पर रेत न होकर चमकीले पत्थर बिछे हुए थे और करीना सलमान के साथ नंगे पांव पानी में चली गई थीं। वे आधे रास्ते भी नहीं पहुंचे थे कि करीना के पैर में नुकीले पत्थर से चोट आ गई।
एक सूत्र के मुताबिक, दर्द की वजह से करीना झुक गई थीं और वह जमीन पर लगभग गिर चुकी थीं। सलमान तुरंत वहां पहुंचे और करीना को अपनी बांहों में उठा लिया और उन्हें पानी में ले गए। फिल्म के निर्देशक प्रेम सोनी ने कहा, पूरी शूटिंग के दौरान दोनों के बीच विशेष बंधन देखा गया लेकिन फी फी द्वीप पर जो कुछ हुआ वह विशिष्ट था।