
महाराष्ट्र एसेंबली इलेक्शन में अमिताभ बच्चन, शाहरूख खान, सलमान खान, प्रियंका चोपड़ा और गुलजार सहित बॉलीवुड की अन्य हस्तियों ने वोट डाला और संदेश दिया कि वोट बदलाव का औजार है और अपने वोट का दुरूपयोग न करें।
आमिर खान, संजय दत्त, जॉन अब्राहम सरीखे कलाकार अपने एसी घरों से बाहर आए और लाइन में खड़े होकर अपना वोट डालने के लिए धैर्य के साथ अपनी बारी का इंतजार किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस इलेक्शन में जीत हासिल करने वाली पार्टियां अपने वादों को पूरा करेगी। फिल्म स्टार जॉन अब्राहम, गीतकार जावेद अख्तर और उनकी वाइफ शबाना आजमी शुरूआत में वोट डालने वाले लोगों में शामिल थे। जॉन ने बांद्रा में अपना वोट डाला जबकि जावेद और शबाना ने जुहू में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शाहरूख खान और उनकी वाइफ गौरी ने ब्रांद्रा में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अमिताभ बच्चन अपनी वाइफ जया बच्चन के साथ वोटिंग करने गए। शाहरूख खान ने कहा कि वैसे तो कई मुद्दे हैं, लेकिन आपको मुख्य रूप से अच्छी और ईमानदार सरकार की उम्मीद रखनी चाहिए।