डीटीएच पर देखी जा सकेंगी नई फिल्में

डीटीएच पर देखी जा सकेंगी नई फिल्में

नई दिल्ली। फिल्मों की पाइरेसी को रोकने और छोटे पर्दे के दर्शकों को उपहार देने के मकसद से अब डायरेक्ट टू होम (डीटीएच) टेलीविजन नई शुरूआत कर रहा है। जिसमें बॉलीवुड फिल्में थिएटरों पर रिलीज होने के कुछ दिन बाद ही नाममात्र का शुल्क देकर छोटे पर्दे पर देखी जा सकेंगी।

सलमान खान-करीना कपूर अभिनीत फिल्म मैं और मिसेज खन्ना दर्शकों के लिए जल्दी ही छोटे पर्दे पर प्रदर्शित होगी। इस फिल्म को उसके बड़े पर्दे पर उतरने के चार दिन बाद ही मंगलवार को टाटा स्काई पर देखा जा सकेगा। टाटा स्काई लिमिटेड के मुख्य विपणन अधिकारी विक्रम मेहरा कहते हैं, दूरस्थ इलाकों तक टाटा स्काई की पहुंच होने की वजह से बॉलीवुड के फिल्मकार डीटीएच में टाटा स्काई पर ही बॉलीवुड फिल्मों के प्रदर्शन के लिए भरोसा कर रहे हैं।

पिछले कुछ महीनों के दौरान टाटा स्काई ने स्लमडॉग मिलिनेयर, कमीने, अज्ञात और वाट्स योर राशि? जैसी फिल्में प्रदर्शित की हैं। फिल्म वाट्स योर राशि? अपने प्रदर्शन के दो सप्ताह के अंदर ही टाटा स्काई पर आ गई थी। एयरटेल डिजीटल टीवी, डिश टीवी और बिग टीवी ने भी इस फिल्म का प्रसारण किया। शाहिद कपूर अभिनीत फिल्म कमीने बड़े पर्दे पर उतरने के एक महीने बाद ही टाटा स्काई पर देखी जा सकी। इस नई शुरूआत के प्रति उपभोक्ताओं की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी है। टाटा स्काई पर प्रदर्शित फिल्म स्लमडॉग मिलिनेयर को तीन दिन के अंदर 150,000 लोगों ने देखा जबकि कमीने को 100,000 ही दर्शक मिले। वहीं दूसरी ओर दो दिन के अंदर वाट्स योर राशि? को 20,000 दर्शक मिले। डीटीएच पर प्रदर्शित होने वाली फिल्मों से होने वाली आय को फिल्म निर्माताओं के साथ बांटा जाता है।

टाटा स्काई के प्रबंध निदेशक विक्रम कौशिक ने कहा, हम आमिर खान और रॉनी स्क्रूवाला जैसे निर्माताओं से बात कर रहे हैं कि वह अपनी फिल्मों का बड़े पर्दे और टाटा स्काई पर एक साथ प्रदर्शित करें।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित