
नई दिल्ली। निर्देशक और अभिनेता ओमल गुप्ते ने कहा है कि उनके पास फिलहाल 17 पटकथाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस वक्त वह अपनी आगामी फिल्म सपनों को गिनते-गिनते की पटकथा पर काम कर रहे हैं।
गुप्ते ने कहा, अभी मेरे पास 17 पटकथाएं हैं। मैंने सभी पटकथाएं तैयार कर ली हैं, जिनमें हैप्पी दीवाली, अंडरबेली और स्टेनले का डब्बा है। गुप्ते ने कहा, स्टेनले का डब्बा पर अभी काम कर रहा हूं। यह कहानी बच्चों पर आधारित है। जब काम पूरा हो जाएगा, तब शूटिंग की जाएगी। गुप्ते ने फिल्म कमीने के जरिए अभिनय की भी शुरुआत की थी। हाल ही में खबर आई थी कि वह आगामी फिल्म सपनों को गिनते-गिनते में अभिनेता सलमान खान को रखना चाहते हैं। इस संबंध में उन्होंने कहा, फिलहाल इस संबंध में मैं कुछ नहीं कहूंगा लेकिन यह सच है कि मैं किसी स्टार को फिल्म में शामिल करना चाहता हूं।