बिग बी को मिली धमकी

बिग बी को मिली धमकी

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को एक हिन्दू मंदिर और एक मुस्लिम दरगाह जाने के मामले में किसी अज्ञात व्यक्ति ने संदेश के जरिए धमकी दी है।

67 वर्षीय अभिनेता ने पहले भी अपने ब्लॉग में लिखा था कि वह धार्मिक व्यक्ति हैं, जिसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने उनको ऐसा नहीं करने की धमकी दी। लेकिन महानायक इस धमकी से विचलित नहीं हुए हैं। अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लाग में लिखा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर संदेश भेजकर मुस्लिम दरगाह और एक हिन्दू मंदिर जाने के लिए उनकी कड़ी आलोचना की है। उसने कहा है कि उनका ऐसा करना सही नहीं है और उन्हें दोबारा ऐसा नहीं करना चाहिए। अभिनेता बृहस्पतिवार को तड़के हाजी अली की दरगाह में गए थे और उसके बाद नजदीक ही स्थित मंदिर भी गए थे। इसके साथ ही छोटी दरगाह में गए और आखिर में सिद्धिविनायक मंदिर भी गए। इस धमकी के बारे में बच्चन ने कहा कि वह इस तरह की प्रतिक्रिया से बिल्कुल प्रभावित नहीं है। अपने ब्लाग में उन्होंने लिखा है कि वह वहां दोबारा जाएंगे और यह करते रहेंगे। और वह देखना चाहते हैं कि कौन उन्हें इन पवित्र स्थानों में जाने से रोकता है। यदि उसमें हिम्मत है तो वह व्यक्ति उनके सामने आए।

अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कल रिलीज हुई फिल्म अलादीन को लेकर भी चेतावनी दी है और कहा है कि बच्चन के मंदिर और दरगाह जाने से फिल्म सफल नहीं हो सकती है। बच्चन ने लिखा है कि यदि फिल्म बेहतर है तो दुनिया की किसी भी ताकत में उसकी कीमत को कम करने की शक्ति नहीं है। यदि फिल्म कमजोर है और बेहतर नहीं है तो दुनिया की कोई भी ताकत उसे सफल नहीं बना सकती है। वह अपनी दिनचर्या में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं करने वाले हैं।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित