पिता के 101वें जन्मदिवस पर बिग बी का उपहार

पिता के 101वें जन्मदिवस पर बिग बी का उपहार

नई दिल्ली। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने 18 जनवरी को पिता और विख्यात कवि हरिवंश राय बच्चन का 101वां जन्म दिवस मनाने के लिए काफी तैयारियां की हैं। इनमें उनके पिता की चर्चित पुस्तक मधुशाला का पुनर्विमोचन और एक नृत्य कार्यक्रम का आयोजन शामिल है।

अमिताभ ने अपने ब्लॉग बिग बी डॉट बिग अड्डा डॉट कॉम पर लिखा है, पिता के 101वें जन्म दिवस को मनाने को लेकर चर्चाएं जारी है। मधुशाला को नए रूप में पेश करने के अलावा पिता के रचनात्मक कार्यो की यात्रा को नृत्य व गायन के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।

अमिताभ कहते हैं कि वह अपने दिवंगत पिता की कुछ बेहद महत्वपूर्ण रचनाओं को भी प्रकाशित करवाएंगे। दिवंगत लेखक धर्मवीर भारती की पत्नी पुष्पा भारती ने इन रचनाओं को संग्रहित किया है।

67 वर्षीय अभिनेता लंबे समय से इसके लिए योजना बना रहे हैं और मधुशाला के नए संस्करण के लिए भूमिका लिखने में विशेषतौर पर ज्यादा समय दे रहे हैं। 1935 में प्रकाशित मधुशाला को हरिवंश राय बच्चन की सर्वश्रेष्ठ रचना मानी जाती है।

इस पुस्तक का नवीनतम संस्करण एक बड़ी सी कॉफी टेबल के आकार जितना बड़ा होगा। इसमें दिवंगत कवि की यर्थाथवादी कविताएं और उनका अंग्रेजी अनुवाद होगा। ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के मारजोरी बॉउल्टन ने इन कविताओं का अनुवाद किया है। किताब में अमिताभ की भतीजी नमृता बच्चन की बनाई पेंटिंग्स भी होंगी।

अमिताभ का कहना है, किताब में शामिल पेंटिंग्स अनूठी हैं और उम्मीद है कि लिखी गई भूमिका मेरे पिताजी की 101वें जन्म दिवस पर दिए जाने वाले सम्मान के अनुरूप होगी।

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(5) वोट का औसत

average:4.2
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित