
नई दिल्ली। युवा दर्शकों के दिलों के धड़कन कही जाने वाली अभिनेत्री करीना कपूर ने आज कहा कि उन्हें अपने प्रेमी सैफ अली खान से लैपटाप का उपहार नहीं मिला है।
जापान की विख्यात कंपनी सोनी ने अपने अल्ट्रा स्लिम लैपटाप के लिए करीना को ब्रंाड अंबेस्डर नियुक्त किया है। इसे पेश करने यहां आई करीना ने एक सवाल के जवाब में मजाकिया लहजे में कहा, सैफ ने मुझे अब तक कोई लैपटाप उपहार में नहीं दिया है..लेकिन मुझे उम्मीद है कि सोनी मुझे यह उपहार देगी।
करीना को अपनी छरहरी काया या साइज जीरो के लिए जाना जाता है। सोनी इंडिया के प्रबंध निदेशक मसारू तमागवा ने कहा कि करीना भारत में साइज जीरो के साथ साथ स्टाइल के लिए भी जानी जाती हैं इसलिए कंपनी ने उनका साथ लिया है।
इस कार्यक्रम में आई करीना ने पहले तमागवा के साथ लैपटाप पेश किया और फिर चंदेक मिनट में चार पांच सवालों के जवाब दिए। उन्होंने फिल्म संबंधी सवाल का जवाब देने से मना कर दिया और कहा कि वायो एक्स भी स्लिम, स्टाइलिश व सेक्सी है। लैपटाप से इतर कार कौनसी पसंद है इस पर करीना ने कहा, यह तो मैं तभी बता सकूंगी जब जनरल मोटर्स मुझे ब्रांड अम्बेस्डर बनाएगी। एक अन्य सवाल पर उन्होंने बताया कि वे आईटी विशेषकर इंटरनेट का इस्तेमाल करती हैं ताकि दूर या विदेश में होने पर घर, दोस्तों से संपर्क में रह सकूं।
सोनी इंडिया भारत में करीना कपूर को लेकर नया विज्ञापन अभियान शुरू करेगी। कंपनी की अपने उत्पादों के प्रचार प्रसार के लिए 15 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है ताकि बढ़ते लैपटाप बाजार में अपनी स्थिति को मजबूत किया जा सके।