मुंबई। यशराज फिल्मस की चहेती अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के सितारे इन दिनों बुलंद हैं। अब उन्हें निर्माता-निर्देशक राजकुमार हिरानी ने अपनी फिल्म में साइन किया है। खबर है कि पीके नाम की इस फिल्म में आमिर खान मुख्य भूमिका में होंगे। पहले खबर थी कि आमिर ने फिल्म में काम करने से इंकार कर दिया है, दरअसल वे फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी चाहते थे, जिस कारण हिरानी के साथ समझौता नहीं हो पाया। अब लगता है कि आमिर मान गए हैं। हालांकि फिल्म की औपचारिक घोषणा होना अभी बाकी है। खैर कुछ भी हो, अनुष्का का भाग्य उनका खूब साथ दे रहा है।