शादी से पहले प्यार जरूरी: पायल रोहतगी

शादी से पहले प्यार जरूरी: पायल रोहतगी

एक ग्लैमरस एक्ट्रेस के रूप में तेजी से चर्चा पाने वाली पायल रोहतगी की अब तक कई फिल्में आ चुकी हैं। उनकी ये क्या हो रहा है, तौबा तौबा, फन, मैन नॉट अलाउड, मि. हंड्रेड पर्सेट, लैला आदि फिल्में आई, लेकिन इनसे कामयाबी के बदले उनके हिस्से में आया सिर्फ सेक्स बम का तमगा। दरअसल, इन फिल्मों की असफलता ने पायल को यह अहसास करा दिया कि ऐसे रोल से काम नहीं चलने वाला। उसके बाद उन्होंने योजना के तहत काम किया, जिसका फल मिला 36 चाइना टाउन, अपना सपना मनी मनी, कॉरपोरेट और ढोल के रूप में। इन फिल्मों में भले ही पायल की भूमिकाएं छोटी थीं, लेकिन इनमें काम करने का फायदा उन्हें मिला जरूर है। पायल स्वीकारती हैं कि यह सब कॉन्टैक्ट की वजह से संभव हुआ, मैं यह मानती हूं कि इंडस्ट्री में कॉन्टैक्ट के बगैर आगे बढ़ना आसान नहीं है। मैंने आधा दर्जन से ज्यादा फिल्मों में लीड रोल किए, लेकिन वह पहचान नहीं मिली, जो इन बड़ी फिल्मों की छोटी भूमिकाओं से मिली। मेरे लिए खुशी की बात यह है कि ढोल में लीक से हटकर सिंपल गर्ल की निभाई गई मेरी भूमिका को लोगों ने खूब पसंद किया। इस मेकओवर के लिए लोग मुझे बधाई दे रहे हैं। यह मेकओवर महज अभिनेत्री के रूप में हुआ है, या पूरे व्यक्तित्व और सोच में भी? पायल कहती हैं, पूरी पर्सनैल्टी में।

सच तो यह है कि किसी भी एक्ट्रेस के लिए सेक्स बम की छवि से उबरना आसान नहीं होता। इसलिए अपने इस बदलाव से पायल न केवल खुश हैं, बल्कि करियर के हिसाब से भी वे इसे सही समय पर उठाया गया एक उचित कदम मानती हैं, मेरे लिए सेक्सी इमेज से मुक्ति पाना आसान नहीं था, लेकिन मैंने ऐसा मन बना लिया कि चाहे जो हो जाए, अब घटिया फिल्में नहीं करूंगी। कॉरपोरेट, 36 चाइना टाउन और अपना सपना मनी मनी में काम तो मिल गया, लेकिन उसके बाद मैं आठ माह घर बैठी रही, लेकिन बेकार फिल्में साइन नहीं की। उसके बाद भागमभाग के सेट पर प्रियदर्शन से मिली। उन्होंने ढोल में मुझे मेरे मन लायक रोल दे दिया। सच तो यह है कि यह सब जो भी हुआ, पर्सनल कॉन्टैक्ट के कारण ही संभव हुआ है। मूल रूप से कम्प्यूटर इंजीनियर पायल के घर में माता-पिता के अलावा, एक छोटा भाई भी है, जो इंजीनियर है। भाई को वे बेहद प्यार करती हैं। पायल अपने परिवार में सबसे ज्यादा किसके करीब हैं? पूछने पर वे तुरंत कहती हैं, मम्मी से। वजह पूछने पर वे बताती हैं, मम्मी बहुत ही स्ट्रॉन्ग वूमेन हैं। वे टीचर हैं और उनमें सही निर्णय लेने की अद्भुत क्षमता है। काफी हद तक मुझमें भी उनका यही गुण आया है, लेकिन इसके बावजूद वे मेरे निर्णय और फिल्मों की समीक्षा जरूर करती हैं। न केवल गलत-सही का भेद करना सिखाती हैं, बल्कि उचित गाइडेंस भी देती रहती हैं।

गुरु वीरु कृष्ण से कथक (लखनऊ घराना) की विधिवत ट्रेनिंग ले रहीं पायल को कुकिंग का भी शौक है। शाकाहारी व्यंजनों के अलावा, फ्राइड चिकॅन वे आसानी से बना लेती हैं। पायल कहती हैं, अकेले रहने पर मैं खाना बनाने से कतई परहेज नहीं करती, क्योंकि बाजारू खाना मुझे पसंद नहीं है। वैसे भी आजकल फिटनेस पर ध्यान देने के साथ ही तली-भुनी चीजों से परहेज कर रही हूं। दरअसल, मेरा बदला हुआ लुक इसी वजह से है। वैसे, मम्मी के हाथ का बना खाना मुझे बेहद पसंद है। वे कुछ भी दे दें।

फुर्सत में घर पर ही फिल्में देखने की शौकीन पायल ने एक बार कहा था कि शी इज इन लव, लेकिन अब उस बारे में पूछने पर वे अपनी बात से मुकर जाती हैं। हालांकि प्यार को जीवन का बेहतरीन इमोशंस के अलावा, कोमल, सुखद और जीवनदायी शब्द मानने वाली पायल कहती हैं, बिल्कुल सिंगल हूं और अभी सिंगल ही रहना चाहती हूं। अभी मैं करियर को संवारने में जुटी हूं। इसलिए मेरा पूरा ध्यान करियर पर ही है। प्यार के मामले में खुद को सिंगल बताने वाली पायल फिलहाल शादी के बंधन में बंधने को तैयार नहीं हैं, लेकिन शादी के प्रति उनका नजरिया बिल्कुल स्पष्ट है। हालांकि शादी से पहले वे प्यार को जरूरी मानती हैं, इंसान के लिए बेहद जरूरी है शादी, लेकिन उससे पहले प्यार भी होना चाहिए, ताकि युवक-युवती एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ सकें। वैसे, मैं शादी ऐसे युवक से करना पसंद करूंगी, जिसकी पर्सनैल्टी में अहं नहीं हो। साथ ही, जो मुझ पर ट्रस्ट करे, मेरे इमोशंस को समझे और उसका आदर भी करे।

एस. नूपुर

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(1) वोट का औसत

average:1
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित