दिलीप साहब अभिनय की पाठशाला हैं: गोविंदा

दिलीप साहब अभिनय की पाठशाला हैं: गोविंदा

दिलीप कुमार : मैं दिलीप साहब को अभिनय की पाठशाला मानता हूं। उनकी अदाकारी की जितनी भी तारीफ की जाए, कम होगी। मैं उनकी ऐक्टिंग का अनुसरण करता हूं। सिर्फ मैं ही नहीं, फिल्म इंडस्ट्री में बहुत-से कलाकार हैं, जो उन्हें कॉपी करते हैं। सारी दुनिया इस बात को जानती है कि जो लोग दिलीप साहब को कॉपी करते हैं, वे कम से कम सुपरस्टार तो बन ही जाते हैं। मुझे उनकी फिल्में राम और श्याम, गोपी और कोहिनूर बहुत पसंद हैं। राम और श्याम और कोहिनूर का कॉमेडी सीन मेरे फेवॅरिट सीन हैं। मैं दिलीप साहब को अपनी प्रेरणा मानता हूं।

धर्मेद्र : धरम जी को मैं अपना बेस्ट हीरो मानता हूं। मेरी तरह वे भी दिल से सोचने वाले इनसान हैं। बहुत भावुक हैं वे। दूसरी तरफ वे हमारी फिल्म इंडस्ट्री के एकमात्र ही-मैन हैं। मुझे उनकी सभी फिल्में देखना अच्छा लगता है। बचपन में उनकी फिल्मों का अलग ही क्रेज होता था। उन्होंने रोमांटिक, ऐक्शन, कॉमेडी हर तरह की भूमिकाएं की हैं। फिल्म शोले का उनका किरदार भला कौन भूल सकता है? मुझे खुशी है कि वे फिर से फिल्मों में सक्रिय हैं। उन्होंने पिछले साल आई फिल्म अपने और मेट्रो में सराहनीय काम किया। धरम जी मेरी ऊर्जा के स्त्रोत हैं। वे मेरे आदर्श हैं। मैं चाहूंगा कि वे हमेशा अभिनय करते रहें।

अमिताभ बच्चन : अमित जी मंझे हुए कलाकार हैं। राजेश खन्ना के बाद वही हमारे सुपर स्टार हैं। उनके जैसा कलाकार और उनके जैसा व्यक्ति मिलना मुश्किल है। वे हमारे देश की विभूति हैं। उनकी उपलब्धियां किसी भी शख्स के लिए दुर्लभ हैं। मैं खुद को खुशकिस्मत समझता हूं कि मुझे उनके साथ फिल्मों में काम करने का अवसर मिला। वे जितने अच्छे कलाकार हैं, उससे कहीं ज्यादा अच्छे इनसान भी हैं। वे सभी को बराबर सम्मान देते हैं। मुझे यह देखकर ताज्जुब होता है कि आज कभी-कभार लोग उनके बारे में कैसी-कैसी टिप्पणियां कर देते हैं! इतनी उम्र होने के बावजूद वे सक्रिय हैं। मेरे पास उनकी तारीफ के लिए शब्द कम हैं। बस, मैं यही चाहूंगा कि वे इसी तरह फिल्मों में सक्रिय रहें। ईश्वर करे, वे स्वस्थ रहें।

मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(6) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित