दूसरा बेबी ना बाबा ना: मलाइका

दूसरा बेबी ना बाबा ना: मलाइका

मलाइका अरोड़ा इन दिनों अपने परिवार के साथ सुकून के कुछ पल बिताने में व्यस्त हैं। पिछले दिनों एक मशहूर ब्रैंड के फूड प्रोडक्ट की लॉन्चिंग समारोह में हुई मुलाकात में उन्होंने बताया, पिछले कुछ दिनों से मेरी व्यस्तता बढ़ गई थी। एक साथ कई शो कर रही थी और साथ-साथ फिल्मों में भी व्यस्त थी। ऐसे में मैंने कुछ दिनों स्वयं को आराम देने का निर्णय किया है। मैं फिलहाल दो महीने छुट्टी पर हूं इसलिए आजकल परिवार के साथ वक्त गुजार रही हूं और आने वाले काम के लिए खुद को तैयार भी कर रही हूं। फुर्सत के लम्हों में मलाइका रचनात्मक रुचियों को वक्त देना चाहती हैं। वे कहती हैं, दो महीने की छुट्टी में मैंने निर्णय लिया है कि पॉटरी वर्क सीखूंगी। मैं जब भी किसी कुम्हार को मिट्टी के बर्तन बनाते हुए देखती हूं, मेरी इच्छा भी इस कला को सीखने की होती है। इस बार छुट्टियों में मैंने सोचा है कि अपनी इस इच्छा को जरूर पूरा करूंगी। मेरी इच्छा सालसा डांस भी सीखने की है। साथ ही कुकिंग की क्लासेज भी ज्वॉइन करूंगी। मेरा सपना है एक दिन मेरा खुद का रेस्तरां हो। ऐसे में इस सपने को पूरा करने के लिए जरूरी है कि मैं खुद को तैयार करूं इस बिजनेस के लिए।

गौरतलब है मलाइका निजी जीवन में पत्नी, मां और बहू की भूमिकाओं के साथ-साथ ग्लैमर व‌र्ल्ड में भी कई तरह की भूमिकाएं निभाती रहीं हैं, जिनमें अभिनेत्री, मॉडल, डांसर, होस्ट वगैरह उल्लेखनीय हैं। वे कहती हैं, अपनी रिअॅल-लाइफ में मैं जो भी भूमिका निभाती हूं, सभी मुझे पसंद हैं। चाहे वह वाइफ की हो, डॉटर-इन-लॉ की या मां की। घर का काम करना, वाइफ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाना और बेटे के साथ वक्त बिताना मुझे पसंद है। मुझे लगता है कि हमें एक बार जीवन मिलता है और उसे पूरी ईमानदारी और डेडिकेशन के साथ जीना चाहिए। अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो जीने का कोई मतलब नहीं है!

मलाइका से बात होती है कि परिवार और करियर के बीच संतुलन बनाकर चलने में किसी तरह की तकलीफ नहीं होती? वे खुलकर कहती हैं, दूसरी महिलाओं की तरह ही मैं भी अपनी लाइफ मैनेज कर लेती हूं। मुझे लगता है कि हर महिला को संतुलन की कला आती है। अभी तक की अपनी तमाम उपलब्धि का श्रेय मलाइका अपने परिवार के सहयोग को देती हैं। वे कहती हैं, मुझे मेरी फैमिली ने हमेशा सपोर्ट किया है। अगर लोगों का सपोर्ट नहीं मिलता, तो मैं आज जहां हूं, शायद नहीं होती।

मलाइका के सम्मोहक व्यक्तित्व को देखने का आकर्षण दर्शकों को सिनेमाघर तक खींचने की क्षमता रखता है, लेकिन रुपहले पर्दे पर वे अपनी उपस्थिति कम ही दिखाती हैं। पिछले दिनों रिलीज हुई फिल्म ईएमआई में वे पहली बार अभिनेत्री के रूप में दर्शकों के सामने आई थीं। अक्सर कहा जाता है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने उनकी क्षमता का पूरा उपयोग नहीं किया है? मलाइका इस बात से सहमत नहीं होतीं। वे तर्क देती हैं, मैंने कभी नहीं कहा कि फिल्मों में अभिनय को लेकर गंभीर हूं। ऐसे में यह कहना कि मेरी क्षमता का उपयोग नहीं किया गया है, पूरी तरह गलत है। सच तो यह है कि मैंने अभी तक जितना अचीव किया है, उससे खुश हूं। मुझे डांस करना पसंद है। मैं खुश हूं कि मुझे अपने दोस्तों की फिल्मों का हिस्सा बनने का मौका मिला। अच्छे कलाकारों के साथ मुझ पर बेहतरीन गाने फिल्माए गए हैं। खुद को खुशनसीब समझती हूं। जिस तरह का काम करना चाहती थी, वैसा करने का मौका मिला। मेरे लिए यही बड़ी बात है।

दो महीने के विराम के बाद मलाइका फिर से व्यस्त हो जाएंगी। आने वाले दिनों में अपनी व्यस्तता के बारे में वे बताती हैं, मेरे दो नए शो आने वाले हैं। दोनों काफी बड़े हैं। इन शो के बारे में अभी कुछ भी विस्तार से नहीं बता सकती। वक्त आने पर बताऊंगी और इसकी घोषणा भव्य तरीके से होगी। छोटे पर्दे से अपने जुड़ाव के बारे में मलाइका कहती हैं, टीवी मेरा पहला प्यार है, इसलिए मैं खुद को टीवी से अलग नहीं कर सकती।

बहन अमृता अरोड़ा का विवाह कुछ दिनों पहले ही हुआ है। मलाइका उसके विवाहित जीवन से बेहद खुश हैं, अमृता को लेकर मैं बेहद खुश हूं। उसे उसका परफेक्ट लाइफ पार्टनर मिल गया है। ..और क्या चाहिए उसे? पिछले दिनों मुंबई में आयोजित लक्मे फैशन वीक के दौरान यह खबर सुर्खियों में आई कि मलाइका और अरबाज के घर में उनके दूसरे बच्चे की किलकारियां गूंजने वाली हैं? मलाइका ने इस खबर पर विराम लगाते हुए कहा, दूसरा बेबी, ना बाबा ना..। इसमें जरा-सी भी सच्चाई नहीं है। यह लोगों का अनुमान है। यदि ऐसा कुछ होगा, तो लोगों को सबसे पहले मैं ही बताऊंगी..।

-सौम्या अपराजिता

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(8) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित