मेरी खास दोस्त

मेरी खास दोस्त

अभिनेत्री कैटरीना कैफ की सफलता के पीछे सलमान खान का हाथ माना जाता है। कहा जाता है कि यदि सलमान ने कैटरीना का साथ नहीं दिया होता, तो वे हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में नहीं टिक पातीं। पिछले छह वर्षो से मीडिया और आम लोगों के बीच चर्चा है कि ये दोनों एक-दूसरे से सच्चा प्रेम करते हैं। कई बार तो इनकी शादी की खबर भी सुनने को मिली, लेकिन बाद में वह अफवाह साबित हुई। क्या वाकई सलमान खान और कैटरीना कैफ एक दूजे से प्रेम करते हैं या फिर इनके बीच कोई और रिश्ता है? सलमान खुद तरंग को कैट से अपने रिश्ते के बारे में बता रहे हैं।

सच्ची और अच्छी दोस्त

लोग कहते रहते हैं कि मैं कैटरीना से प्रेम करता हूं, जबकि यह सच नहीं है। वे मेरी सच्ची और अच्छी दोस्त हैं। दोस्त होने के नाते मेरा उन पर हक बनता है। मैं उनकी सहूलियतों और सुविधा का खयाल रखता हूं। मेरे पास अनुभव है। मैं अपने अनुभवों के आधार पर उनका उचित मार्गदर्शन करता हूं। उन्हें गलत रास्ते पर जाने से रोकता हूं। दोस्त का सही मार्गदर्शन करना मैं अपना फर्ज समझता हूं। कैटरीना मेरे सुझाव पर गौर करती हैं।

डांट-फटकार भी

कैटरीना दिल की नेक हैं। वे जब शुरू-शुरू में फिल्म इंडस्ट्री में आई थीं, तब यहां के लोगों को समझ नहीं पाती थीं, लेकिन अब वे समझदार हो गई हैं। वे अपने करियर के फैसले खुद लेती हैं। लोग कहते हैं कि मैं उनके निजी फैसलों में हस्तक्षेप करता हूं, जो झूठ है। हां, मैं उन्हें सुझाव जरूर देता हूं। जब मुझे लगता है कि वे कुछ गलत करने जा रही हैं, तब मैं उन्हें डांट-फटकार भी लगा देता हूं। इतना हक है मेरा उन पर। लोग इस बात को गलत अर्थो में लेते हैं, तो मैं करूं?

करती हैं खिंचाई

कैटरीना कभी-कभी मेरी खिंचाई भी करती हैं। दुनिया की सारी लड़कियों की नजर में मैं दुनिया का सबसे रोमांटिक इंसान हूं, लेकिन कैटरीना यह स्वीकार नहीं करतीं। उन्होंने पिछले दिनों एक साक्षात्कार में कहा था कि मैं रोमांटिक बिल्कुल नहीं हूं। अब मैं इस बारे में क्या कह सकता हूं। वे मेरी मजबूरी समझती नहीं हैं। मेरे लिए घर से बाहर निकलना कितना मुश्किल है शायद उन्हें नहीं मालूम! मैं घर में डिनर करता हूं और होम थिएटर में मूवी देखता हूं। उनकी नजर में वही इंसान रोमांटिक है, जो गर्लफ्रेंड को बाहर डिनर कराने ले जाए और थिएटर में मूवी दिखाए। उसके साथ मॉल्स में घूमे और लॉन्ग ड्राइव पर जाए।

तरक्की से खुश

मैं कैटरीना की तरक्की से बहुत खुश हूं। वे फिल्मों में अच्छा काम कर रही हैं। हाल के दिनों में उनकी लोकप्रियता और बढ़ गई है। दरअसल, उन्होंने आलोचनाओं पर गौर करते हुए खुद को साबित किया है। मैं चाहूंगा कि वे ऐसे ही जिंदगी में नई ऊंचाइयां छूती रहें। अंत में मैं फिर कहना चाहूंगा कि कैटरीना मेरी खास दोस्त हैं।

मुंबई प्रतिनिधि

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(15) वोट का औसत

average:4
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित