बरसो रे मेघा-मेघा...

बरसो रे मेघा-मेघा...

बारिश के आगमन के साथ ही मन में इसको लेकर कई तरह के खयाल उमड़ने-घुमड़ने लगते हैं। कुछ अच्छे खयाल तो कुछ बुरे भी। कभी बारिश के मौसम का सुहाना दृश्य आंखों को सुकून देता है, तो कभी कड़कते बादल और चमकती बिजली आने वाली कोई आपदा का भी संकेत देती है। किसी को झमझमाती बारिश में भींगना अच्छा लगता है, तो कोई बारिश के दिनों में घर में दुबककर बैठना पसंद करता है। बारिश से जुड़े ऐसे ही अच्छे-बुरे अपने खयालों से युवा अभिनेत्रियां अवगत करा रही हैं..

बारिश के साथ जुड़ा है रोमांस विद्या बालन

बारिश बहुत सुहाना मौसम है। उसके साथ रोमांस भी जुड़ा हुआ है। मौसम की पहली बारिश का आनंद ही कुछ और होता है। जमीन गीली होती है, तो उसकी सोंधी खुशबू फैलती है। ऐसे मौसम में खिड़की के पास बैठकर बाहरी दृश्य निहारें। चाय पीते हुए अपनी पसंद के गाने सुनें या फिर कोई मनपसंद किताब लेकर पढ़ें, तो बहुत अच्छा लगता है। बैकग्राउंड में बारिश की बूंदों की लय चलती रहती है और मन पन्नों में रमा रहता है। मैं मुंबई में पली-बढ़ी हूं। यहां भारी बारिश हो जाए, तो मुश्किल बढ़ जाती है। उस समय हम सभी परेशान होते हैं। भारी बारिश के बाद गंदगी फैल जाती है और सड़कों पर आ जाती है। ऐसा होने से आमलोगों को बहुत दिक्कत होती है। बारिश का यह पक्ष बुरा अनुभव देता है। अगर बारिश में आप किसी खुली जगह पर हों, तो उसका मजा ही कुछ और है..।

पसंदीदा गीत..

1. शुभा मुद्गल का गाया अब के सावन.. मेरा सबसे प्रिय गीत है। इस गीत को उन्होंने इतनी एनर्जी के साथ गाया है कि सुनते-सुनते लोगों का भी मन नाचने के लिए मचलने लगेगा है। आमतौर पर बारिश के गाने स्लो रोमांटिक होते हैं, लेकिन इस गाने की एनर्जी आकर्षित करती है।

2. फिल्म 1942-ए लव स्टोरी का रिमझिम रिमझिम रुनझुन, रुनझुन.. गीत। आर.डी. बर्मन द्वारा संगीतबद्ध इस गीत में बारिश की पहली फुहार का आनंद है।

3. श्री 420 में राज कपूर और नरगिस पर फिल्माया गया बारिश का गीत प्यार हुआ, इकरार हुआ.. तो अद्भुत रोमांटिक गीत है।

4. इजाजत का गीत मेरा कुछ सामान.. गीत मेरे खयाल से सभी प्रेमियों को अच्छा लगता होगा। एक अकेली बारिश में आधे-आधे भीग रहे थे.. पंक्ति को सुनते हुए रोमांस का अहसास होता है।

5. सुजाता फिल्म का गीत काली घटा छाए, मोरा जिया तरसाए.. में किसी प्रेयसी के मन के भाव को अच्छे शब्दों में व्यक्त किया गया है।

बारिश मेरा पसंदीदा मौसम: प्राची देसाई

बारिश मेरा पसंदीदा मौसम है। इसकी दस्तक अद्भुत अहसास लेकर आती है। पिछले कुछ सालों से मैं इतनी व्यस्त रही कि अपने प्रिय मौसम को एंज्वॉय नहीं कर पाती थी। इस बार मैं बारिश का पूरा मजा लूंगी। खिड़की से बारिश का खूबसूरत नजारा देखते हुए चाय की चुस्कियां लेने से बेहतर और कोई हसीन नजारा हो ही नहीं सकता। तेज बारिश के कारण शूटिंग से कई बार छुट्टी भी मिल जाती है। इसी बहाने परिवार के साथ कुछ वक्त बिताने का मौका मिल जाता है। मुझे हल्की बारिश में लॉन्ग ड्राइव पर जाना पसंद है। बारिश के दिनों की सबसे खराब बात मुझे लगती है सड़कों पर फैली गंदगी। यही वजह है कि बारिश के समय मुझे घर से बाहर निकलना पसंद नहीं। जब तेज बारिश होती है, तो मुंबई की सड़कों पर जो गंदा पानी फैल जाता है, उसे देखकर ही मुझे चिढ़ होने लगती है। यदि धीमी-धीमी बारिश होती रहे, तो बेहद सुहाना लगता है, लेकिन तेज बारिश में सारा माहौल बदल जाता है।

पसंदीदा गीत

1. हु तू तू में तब्बू पर फिल्माया गया गीत छई छप्पा छई छप्पा के छई.. सुनते ही बारिश से जुड़ी बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं। जब बिना किसी परवाह के हम बारिश का मजा लिया करते थे।

2. देखो बारिश हो रही है मेरा दिल गा रहा है.. अनु मलिक की आवाज में यह गीत बारिश के दिनों में मैं हमेशा गुनगुनाती हूं। बेहद सरल शब्दों में लिखा गया यह गीत मुझे बेहद पसंद है।

3. सावन का महीना पवन करे शोर.. गीत को मैं बचपन से सुनती आ रही हूं। सावन के महीने की सारी विशेषता इस गीत में समाहित है।

4. रिमझिम रिमझिम रुनझुन.. गीत मुझे बेहद पसंद है। 1947 ए लव स्टोरी के इस गीत का फिल्मांकन बेहद आकर्षक है।

5. गुरु का गीत बरसो रे मेघा-मेघा.. मेरी पसंदीदा अभिनेत्री ऐश्वर्या राय पर फिल्माया गया है। बारिश के सुहाने मौसम का अहसास दिलाता है यह गीत।

मुंबई की बरसात पसंद नहीं सेलिना जेटली

मुझे बरसात का मौसम बहुत पसंद है, क्योंकि इस मौसम में चारों तरफ हरियाली दिखाई देती है। हरियाली देखकर मुझे खुशी होती है। बरसात में पेड़-पौधों की खूबसूरती बढ़ जाती है। उन्हें देखकर मन को शीतलता मिलती है। मुंबई की बरसात मुझे बिल्कुल पसंद नहीं है। उन दिनों में मुंबई गंदी नजर आती है। हर तरफ कीचड़ और पानी का ठहराव रहता है। मेरा तो घर से निकलने का मन ही नहीं करता। बरसात शुरू होने वाली है। मेरे मन में यह जानकर अजीब-सा डर बैठने लगा है। हां, बरसात के दिनों में यदि मैं गोवा में होती हूं, तो मेरे लिए इस मौसम का मजा दोगुना हो जाता है। गोवा की बरसात की बात ही कुछ और है। मैंने गोवा की पहाड़ी पर एक छोटा सा बंगला लिया है। बंगले से बारिश के मौसम में वहां की प्रकृति की खूबसूरती देखने योग्य होती है। मैं हर वर्ष बरसात के दौरान कुछ दिन वहां रहने की कोशिश जरूर करती हूं।

पसंदीदा गीत

1. चांदनी फिल्म का गाना लगी आज सावन की फिर वो झड़ी है.. मेरा बरसात का ऑल टाइम फेवरेट गीत है। इसे सुनते ही मेरा मन खो जाता है। इस गाने से कुछ खास यादें भी जुड़ी हैं।

2. श्रीदेवी मेरी पसंदीदा अभिनेत्री हैं। उनकी फिल्म लम्हे का गीत मेरा मन तरसा पानी क्यों बरसा.. को बरसात के मौसम में सुनना मुझे अच्छा लगता है।

3. किशोर कुमार के गाये गीत रिमझिम गिरे सावन, सुलग सुलग जाए मन.. की याद मुझे तब आ जाती है, जब मैं आसमान में काले घने बादलों को देखती हूं। इस गाने में अजीब-सा आकर्षण है।

4. मैं बचपन से इस गीत को सुनती और देखती आ रही हूं। वह है प्यार हुआ इकरार हुआ..। इस गाने में बरसात को बड़ी खूबसूरती से फिल्माया गया है। मुझे लगता है कि शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति हो, जिसका यह गीत फेवरेट न हो।

-अजय/सौम्या/रघुवेन्द्र

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:4.5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित