
किसी भी फिल्म में गोविंदा की उपस्थिति दर्शकों के लिए मनोरंजन की गारंटी बन जाती है। जीवन के पांचवें दशक में प्रवेश करने वाले गोविंदा उम्र के इस मोड़ पर भी फिल्मों में सक्रिय हैं। कभी गोविंदा की फिल्मों से तौबा करने वाले दर्शक अब मल्टीप्लेक्स में बैठकर उनकी फिल्मों को न सिर्फ देखते हैं, बल्कि ढलती उम्र में भी उनकी ऊर्जा की सराहना करते हैं। फिल्में गोविंदा के जीवन का अहम हिस्सा हैं। यही वजह है कि विरार के छोरे उपनाम से संबोधित होने वाले इस अभिनेता ने पुत्री नर्मदा को भी फिल्मों की राह दिखाई है। रूमी जाफरी निर्देशित लाइफ पार्टनर में वे एक बार फिर हैं। गोविंदा बता रहे हैं, फिल्म लाइफ पार्टनर में अभिनय, बिटिया नर्मदा के हिंदी फिल्मों में प्रवेश और नई पीढ़ी के अभिनेताओं के साथ काम करने के अनुभव के बारे में..
दर्शक मायूस नहीं होंगे
फिल्म लाइफ पार्टनर देखने के बाद दर्शक मायूस नहीं होंगे, इतना मैं कह सकता हूं। मैं चाहूंगा कि अपनी लाइफ पार्टनर के साथ दर्शक इस फिल्म को देखने जाएं। उनके साथ कुछ बेहतरीन पल बिताएं। संभव है, इस फिल्म को देखने के बाद दर्शकों को अपनी लाइफ पार्टनर की अहमियत का एहसास होगा। वे उनकी भावनाओं का खयाल रखना शुरू कर देंगे। ईमानदारी और सहजता से हमने यह फिल्म बनाई है। उम्मीद है, दर्शकों का भरपूर प्यार इसे मिलेगा। फिल्म में मेरा कैरेक्टर
इस फिल्म में मैं लॉयर हूं या फिर लायर? यह तो फिल्म देखने के बाद ही सबको पता चलेगा। रोचक कैरेक्टर है मेरा, इससे अधिक कुछ बताऊंगा, तो दर्शकों की फिल्म को लेकर बनी जिज्ञासा खत्म हो जाएगी। फिल्म में मेरी लाइफ पार्टनर अमृता राव हैं। बेहद अच्छा लगता है, जब मुझे इस उम्र में अमृता जैसी युवा अभिनेत्री के साथ कास्ट किया जाता है। अमृता की भूमिका दर्शकों के लिए सरप्राइज है।
सभी प्रोफेशनल और टैलेंटेड
आजकल के ऐक्टर प्रोफेशनल हैं। वे टैलेंटेड भी हैं। उनकी ऊर्जा मुझे प्रभावित करती है। जब भी मैं नए आर्टिस्ट के साथ काम करता हूं, तो कोशिश करता हूं कि उन्हें मेरे सीनियर होने से किसी तरह की तकलीफ न हो, क्योंकि शूटिंग के दौरान माहौल से बहुत फर्क पड़ता है। मैं उनके साथ खुद को ढालता हूं और अच्छे माहौल को बरकरार करने की कोशिश करता हूं। लाइफ पार्टनर में भी मुझे तुषार कपूर, फरदीन खान, जेनिलिया डी-सूजा और प्राची देसाई जैसे यंग आर्टिस्टों के साथ काम करने का अवसर मिला है। तुषार की ऊर्जा मुझे चकित करती है। वे मुझे सम्मान देते हैं। फरदीन भी डीसेंट इंसान हैं, वे तहजीब से बातें करते हैं।
रूमी जाफरी का साथ
रूमी के साथ मैंने कई हिट फिल्में की हैं। उन्होंने मेरे करियर की अधिकतर हिट फिल्में लिखी हैं। हीरो नंबर वन, बड़े मियां छोटे मियां, हसीना मान जाएगी और जोड़ी नंबर वन के वे राइटर थे। पहली बार उनके निर्देशन में अभिनय करने का अनुभव लाइफ पार्टनर में मिला है। रूमी मेरे अच्छे मित्र हैं। उनके साथ मैं सहज रहता हूं। उन्होंने धैर्य और समर्पण के साथ फिल्म का निर्देशन किया है।
नर्मदा के बारे में
नर्मदा हिंदी फिल्मों में अपनी पारी की शुरुआत करने जा रही है। मेरी शुभकामनाएं उसके साथ हैं। हर पिता की तरह मेरी भी कामना है कि वह जो भी करे, उसमें उसे सफलता मिले। मेरा सहयोग और मार्गदर्शन उसे मिलता रहेगा। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में अभी तक के अपने अनुभव से उसे लाभान्वित करता रहूंगा। फिलहाल तो नर्मदा नेपाल में है। वह जैसे ही नेपाल से आएगी, अपने फिल्मी करियर से जुड़ा कोई बड़ा निर्णय लेगी।
फिर हंसाऊंगा
फिल्म लाइफ पार्टनर के बाद बंदा ये बिंदास है रिलीज होगी। यह बेहद इंटरेस्टिंग फिल्म है। इसमें मेरे साथ लारा दत्ता हैं। उसके बाद डू नॉट डिस्टर्ब आएगी। इसमें एक बार फिर दर्शकों को मैं हंसने का मौका दूंगा। डेविड धवन के साथ मैंने सत्रह फिल्में की हैं। पार्टनर के बाद डेविड के साथ एक बार फिर मेरी केमिस्ट्री दर्शकों को डू नॉट डिस्टर्ब में नजर आएगी। इसके अलावा मणिरत्नम की रावण भी कर रहा हूं। एक फेज आया था, जब मुझे लोगों की पसंद के हिसाब से काम करना पड़ा। उन दिनों मैं मजबूर था। मेरी जिम्मेदारियां भी थीं। उन्हें पूरा करने के लिए मैंने दबाव में काम किया। अब सब ठीक-ठाक है। अब मैं बिना किसी दबाव के अपने फिल्मी सफर को आगे बढ़ा सकता हूं।