
धारावाहिक सपना बाबुल का..बिदाई में रणबीर राजवंश की भूमिका निभा रहे किंशुक महाजन ने कम समय में अपने प्रशंसकों की अच्छी तादाद तैयार कर ली है। वे खासकर युवा दर्शकों के बीच काफी पसंद किए जा रहे हैं। छोटे पर्दे के इस कलाकार के प्रशंसकों में आशा भोंसले भी शामिल हैं। पिछले दिनों हुई मुलाकात में आशा जी ने दिल्ली में पले-बढ़े इस अभिनेता की खूब तारीफ की। उन्होंने किंशुक को अपने नए एलबम के वीडियो में अभिनय करने का अवसर दिया। बालाजी टेलीफिल्म्स के धारावाहिक काजल से अभिनय की शुरुआत करने वाले किंशुक उन दिनों को याद करते हुए कहते हैं, आशा जी से मिलना और उनके वीडियो एलबम में अभिनय करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। वह सब मेरे लिए किसी सपने के सच होने की तरह था।
बिदाई में किंशुक पूरी तरह रणबीर की भूमिका में रच-बस गए हैं। इस भूमिका को निभाते हुए वे अपने एक्टिंग करियर का बेहतरीन वक्त गुजार रहे हैं। वे कहते हैं, मुझे दर्शकों ने रणबीर के रूप में स्वीकार किया है, यह मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। इस रोल से मेरी पहचान जुड़ गई है। बिदाई के सेट पर रहना मुझे अच्छा लगता है। सेट का माहौल पारिवारिक है। सभी को-स्टार्स बेहद सपोर्टिव और फ्रेंडली हैं।
बिदाई में किंशुक और पारुल चौहान की जोड़ी को खूब पसंद किया जा रहा है। पारुल के साथ अभिनय करने का अनुभव वे बताते हैं, पारुल बेहद डेडिकेटेड ऐक्ट्रेस हैं। वे मेहनती और सहयोगी भी हैं। उनके साथ अभिनय करने का अनुभव बेहतरीन है। हम दोनों अच्छे दोस्त हैं। अच्छी दोस्ती है हमारी।
यह पूछने पर कि छोटे पर्दे पर आने वाले सीरियलों में किंशुक की पसंद क्या है? वे बताते हैं, निश्चित रूप से बिदाई मेरा सबसे पसंदीदा धारावाहिक है। ऐसा इसलिए नहीं कह रहा हूं कि मैं इसका हिस्सा हूं। सच में इस जैसा धारावाहिक देखना मुझे अच्छा लगता है। वैसे, मुझे टीवी देखने के लिए समय तो नहीं मिलता है, लेकिन बालिका वधू मेरे पसंदीदा धारावाहिकों की सूची में काफी ऊपर है।
दिल्ली में पले-बढ़े किंशुक अपनी अभिनय-कला के साथ-साथ व्यक्तित्व में भी हमेशा सुधार की गुंजाइश रखते हैं। वे कहते हैं, मैं खुद को हमेशा इंप्रूव करने की कोशिश करता हूं। मेरा काम ही मेरे लिए सब कुछ है। यदि खुद को एक शब्द में बताना हो, तो कहूंगा, हार्डवर्किंग।