
एक बार फिर दीपिका पादुकोण चर्चा में हैं। ओम शांति ओम के बाद उनकी एक और दोहरी भूमिका वाली फिल्म चांदनी चौक टू चाइना रिलीज हो चुकी है। आत्मविश्वास से सराबोर दीपिका को पूरा भरोसा है कि उनकी पिछली फिल्मों की तरह यह फिल्म भी अच्छा व्यवसाय करेगी। आइए जानते हैं वे क्या कहती हैं इस फिल्म के बारे में..
आपकी तीसरी फिल्म रिलीज हो गयी है। मन में क्या चल रहा है?
दिल धक-धककर रहा है और प्रेशर भी है कि पता नहीं फिल्म को कैसा रेस्पॉन्स मिलेगा? हांलाकि मन के किसी कोने में यह विश्वास भी है कि यह फिल्म बड़ी हिट साबित होगी, क्योंकि इसमें थ्रिलर और हास्य का ऐसा कॉकटेल लोगों को देखने को मिलेगा, जैसा पहले कभी नहीं दिखा है। फिल्म के लिए टीम के सभी लोगों ने बहुत मेहनत की है।
चर्चा है कि फिल्म में आपकी दोहरी भूमिका है। कौन-सी भूमिका ज्यादा चैलेंजिंग लगी?
मैं अपने रोल में चुनौती देखने के बाद ही फिल्म साइन करती हूं। फिल्म में दर्शकों को मेरे सखी और म्याव दोनों रोल पसंद आएंगे, क्योंकि दोनों एकदम डिफरेंट हैं। सखी भारतीय, लेकिन ग्लैमरस लड़की है। वह बहुत बातूनी और ब्यूटी कॉन्शस भी है। वह सिद्धू से प्यार करती है। दूसरी है म्याव, जो चाइनीज मूल की टॉम ब्वॉय टाइप की लड़की है और कुंग-फू में निपुण है। म्याव का गेटअप मल्लिका भट्ट ने तैयार किया है। इसके मेकअप के लिए मैं समय से दो घंटे पहले मेकअप रूम में पहुंचती थी।
कुंग-फू की आपको विशेष ट्रेनिंग लेनी पड़ी होगी?
फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले मैं छह माह के लिए जीयु जित्सु (हांगकांग) गई थी। इस ट्रेनिंग के मध्य मैंने मार्शल आर्ट से रिलेटेड काफी कलाएं सीखीं। यह अनुभव काफी रोमांचक रहा। हालांकि इस कोशिश में काफी चोटें भी लगीं, लेकिन इससे मुझे शूटिंग करने में आसानी हुई। सच तो यह है कि फिल्म में ज्यादातर स्टंट सीन मैंने खुद किए हैं। मैं यह तो नहीं कहूंगी कि मार्शल आर्ट की मास्टर बन गई हूं, लेकिन इतना तय है कि अब अपनी रक्षा मैं खुद कर सकती हूं।
चाइना में फिल्म की शूटिंग हुई है। उसके अनुभव कैसे रहे?
यह हिंदुस्तान की एक ऐसी फिल्म है, जिसकी शूटिंग द ग्रेट वॉल ऑफ चाइना पर हुई है। ऐसी फिल्म का हिस्सा बनकर मैं गर्व महसूस कर रही हूं। वहां गुजारे हर पल यादगार हो गए। सच कहूं, तो मेरी बचपन से विश्व के सात अजूबों को देखने की इच्छा थी। इस फिल्म को करके द ग्रेट वॉल ऑफ चाइना को करीब से देखने का ख्वाब पूरा हो गया। वहां गुजारे अपने तमाम लम्हे को मैं वीडियो कैमरा में समेट कर लाई हूं।
म्याव के कैरेक्टर के लिए आपने चाइनीज भी सीखी होगी?
इतना समय नहीं था हमारे पास। जब तक हम चीन में थे, हमारे साथ एक ट्रांसलेटर रहते थे, जिनकेजरिए हम अपनी बातों का आदान-प्रदान करते थे, लेकिन हां, उनके साथ रहते हुए कुछ चाइनीज शब्द और उनके अर्थ धरोहर के रूप में अपने साथ लाई हूं। वहां के लोग बहुत ही अच्छा बोलते हैं। हमने कुछ चाइनीज दोस्त भी बनाए हैं।
पहली बार अक्षय कुमार के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?
अक्षय सही मायने में हिंदी फिल्मों के सुपर हीरो हैं। कितना भी खतरनाक स्टंट सीन हो, वे अपने लिए डुप्लिकेट का प्रयोग नहीं करते। उनके साथ काम करते हुए मैंने भी अपने स्टंट सीन खुद करने का साहस किया। वे बहुत को-ऑपरेटिव हैं। उनके साथ काम करके काफी कुछ सीखने को मिला। अक्षय के साथ मैंने एक और फिल्म हाउसफुल साइन की है। यह भी हास्य, रोमांटिक और थ्रिलर फिल्म है। इसके बारे में ज्यादा कुछ बताना अभी संभव नहीं है।
चांदनी.. को अक्षय के निजी जीवन वाली फिल्म बताई जा रही है। ऐसी फिल्म से जुड़ना आपको रिस्की नहीं लगा?
इसके विपरीत कुछ लोग अक्षय से यह सवाल भी कर रहे हैं कि मेरी दोहरी भूमिका के सामने उनका किरदार हासिए पर तो नहीं चला गया है? लेकिन ऐसी कोई बात नहीं है। फिल्म की मूल कहानी अक्षय की निजी जिंदगी से काफी अलग है। हां, लोग कह सकते हैं कि इसकी कहानी और अक्षय का किरदार कुछ हद तक उनकी निजी जिंदगी से मेल खाता है।
चांदनी चौक टू चाइना के बाद..?
इसके बाद मेरी सैफ अली खान के साथ वाली फिल्म मीरा आएगी। फिल्म में मैं मीरा का रोल कर रही हूं। सैफ के अलावा, फिल्म में राहुल खन्ना और ऋषि कपूर भी हैं। फिल्म के निर्देशक हैं इम्तियाज अली। बहुत जल्दी इसकी शूटिंग शुरू होगी। इनके अलावा, रणवीर कपूर और अभिषेक बच्चन के साथ भी अलग-अलग फिल्मों की बात चल रही है। मीरा नायर की एक फिल्म भी है। अब मैं आमिर और सलमान खान के साथ फिल्म करना चाहती हूं।
-राजेश श्रीवास्तव