
पायल रोहतगी ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के बाद ग्लैमर जगत में प्रवेश किया। हालांकि अच्छे अंकों से डिग्री लेने के बाद हिंदी फिल्मों में प्रवेश के पायल के निर्णय पर उनके शुभचिंतकों ने तब आश्चर्य व्यक्त किया था, लेकिन उन्होंने अभिनय की ओर रुख किया। वे मानती हैं कि जीवन में हमेशा सकारात्मक रवैया रखना चाहिए और हमेशा अपने दिल की आवाज सुननी चाहिए। पिछले दिनों हुई मुलाकात में पायल ने जिंदगी के प्रति अपने नजरिए से अवगत कराया..
आपकी नजर में जिंदगी क्या है?
जिंदगी अनुभवों से भरा सुहाना सफर है। जीवन के हर क्षण को प्यार से जीना चाहिए। जिंदगी का हर अनुभव आपको परिपक्व बनाता है।
जिंदगी में अहम क्या है?
जिंदगी में परिवार और शुभचिंतकों का प्यार सबसे जरूरी होता है। यही लोग होते हैं, जो हमेशा आपके साथ होते हैं। चाहे आप अछे दौर से गुजर रहे हों या बुरे दौर से।
जिंदगी में पतझड़ आ जाए, तो क्या करना चाहिए?
जब तक स्थिति ठीक नहीं हो जाए, आपको इंतजार करना चाहिए। धैर्य कभी नहीं खोना चाहिए। मैं हर रात यही महसूस करती हूं कि आने वाली सुबह हसीन होगी।
जिंदगी कब रंगीन लगती है?</क्च
इंसान को हर परिस्थिति में खुश रहने की आदत डालनी चाहिए। जिस स्थिति में जो है, उसे स्वीकार करना चाहिए। हमारी खुशियां हम पर निर्भर करती हैं न कि परिस्थितियों पर।
आपकी जिंदगी में पुरुष ज्यादा अहमियत रखते हैं या स्त्री?
सभी अहमियत रखते हैं। मां मेरे काफी करीब हैं। वे स्त्री हैं। अपने भाई से भी मैं बेहद प्यार करती हूं। वह पुरुष है। किसी की अहमियत इस बात पर निर्भर नहीं करती कि उससे हमारा रिश्ता कैसा है?
आपकी जिंदगी का लक्ष्य क्या है?
मैं अपने काम के कारण जानी जाऊं। सभी मेरी रेस्पेक्ट करें। परिवार हमेशा खुश रहे। मेरी जिंदगी का यही एकमात्र लक्ष्य है।
अब तक की जिंदगी का सबसे सुहाना पल कौन-सा था?
मेरी जिंदगी का सबसे सुहाना पल था, जब मुझे इंजीनियरिंग की परीक्षा में अधिक अंक मिले थे। मेरा नाम और मेरी तस्वीर अहमदाबाद के न्यूजपेपर्स में छपी थी। उस दिन को मैं कभी नहीं भूल सकती।
जिंदगी में मिला अब तक का सबसे कीमती तोहफा क्या था?
मेरी जिंदगी ही मेरे लिए सबसे कीमती तोहफा है, जो ईश्वर ने मुझे दिया है। अपनी जिंदगी से मैं बेहद प्यार करती हूं।
जिंदगी की गाड़ी सरपट दौड़ती रहे इसके लिए किन बातों पर ध्यान देना जरूरी है?
पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में भावनात्मक संतुलन बना रहे। आपको अपने निजी जीवन और करियर दोनों को बराबर का समय देना चाहिए। जिम्मेदारी और मस्ती के बीच भी संतुलन जरूरी है।
जिंदगी में संघर्ष क्या जरूरी है?
संघर्ष बेहद जरूरी है। संघर्ष के दिनों को जब आप याद करते हैं, तभी पता चलता है कि आपने कितना अचीव किया है? परिवार से मिली हुई चीजें अच्छी तो लगती हैं, लेकिन उसका महत्व नहीं पता चलता। संघर्ष आपको उदार और धरातल से जोड़े रखता है।
मुंबई प्रतिनिधि