
अभिनेता अर्जुन रामपाल की गिनती फिल्म इंडस्ट्री के उन कलाकारों में होती है, जो परिवार को अपनी ऊर्जा और शक्ति का श्रोत मानते हैं और हमेशा परिवार के प्रति समर्पित रहते हैं। तमाम फिल्मों में हर रंग की भूमिका निभाने वाले अर्जुन अपने परिवार के प्यार और उसके सहयोग के बारे में बता रहे हैं विस्तार से:-
परिवार की खुशी सर्वोपरि
मैं निजी जीवन में उतना ही सहज, सरल और सुलझा हुआ हूं, जितना कि आम इंसान होता है। मेरा जीवन मेरी पत्नी मेहर और दोनों बेटियों से शुरू होता है और उन्हीं पर खत्म भी। मैं परिवार की खुशी के लिए दिन-रात मेहनत करता हूं। मेरे लिए उनकी खुशी सर्वोपरि है। मैं कितना भी व्यस्त क्यों न रहूं, यदि परिवार को मेरी जरूरत होती है, तो हमेशा उनके साथ रहता हूं। मैं इस बारे में कभी संकोच नहीं करता।
घर की बात घर में
मैं सुखी और शांत जीवन जीता हूं। उसके लिए घर की बातों को घर में रखता हूं और काम को घर की चौखट के बाहर रखता हूं। दोनों को मिक्स नहीं होने देता। यही वजह है कि मैं अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल जीवन से खुश हूं। पत्नी मेहर अपने कार्यो में व्यस्त रहती हैं और मेरी तरह वे भी काम को घर के अंदर नहीं लातीं। घर में प्रवेश करने के बाद हम अपना समय बेटियों के साथ बिताते हैं।
एक-दूसरे की समझ
परिवार की खुशियां बरकरार रहें, इसके लिए आवश्यक है कि आपके परिवार के लोग आपको और आपके काम को समझें। मैं किस्मत वाला हूं, जो मुझे मेहर जैसी पत्नी मिली। वे मेरे फील्ड से परिचित हैं। मेरे काम को अच्छी तरह जानती हैं। सुनकर हैरानी होगी, लेकिन सच है कि हमारे बीच गलतफहमी पैदा नहीं होती। अब मेरी बेटियां भी समझदार हो गई हैं। वे किसी भी चीज की कभी डिमांड करती हैं और मैं उन्हें समय पर लाकर नहीं देता, तो वे नाराज होती हैं, लेकिन समझाने पर दोनों तुरंत मान जाती हैं।
पल बिताते हैं साथ
मैं फुर्सत के पल हमेशा परिवार के साथ बिताता हूं। शूटिंग के समय आउटडोर में उन्हें साथ ले जाने की कोशिश करता हूं। महिका और माएरा की खुशी मुझे ऊर्जा देती है। सच कहूं, तो मेरा परिवार मेरी ऊर्जा और शक्ति है। उनके सहयोग और प्यार की वजह से मैं आज भी दिन-प्रतिदिन आगे बढ़ रहा हूं। नई ऊंचाइयों को छू रहा हूं। मैं ईश्वर का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे इतना अच्छा परिवार दिया। मैं रोज ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वे मेरी और मेरे परिवार की खुशियों को बरकरार रखें।
मुंबई प्रतिनिधि