
कान फिल्म फेस्टिवल का अनुभव कैसा रहा?
बहुत अच्छा अनुभव रहा। कौतूहल और जिज्ञासा का भाव था। हमारी जिज्ञासा थी कि काइट्स के ट्रेलर और प्रोमो के प्रति उनका क्या रवैया है और वहां के लोगों में फिल्म को लेकर कौतूहल था। इसका प्रेजेंस महसूस किया गया। हमारी सारी गतिविधियों में वहां के प्रेस ने हिस्सा लिया।
कान जाने का फैसला क्यों लिया गया?
राकेश जी इस फिल्म के आइडिया से सहमत हुए थे। फिल्म को किसी भी देश की पृष्ठभूमि में फिल्माया जा सकता था। चूंकि रितिक रोशन में ग्लोबल अपील है, इसलिए हमने उसे इंटरनेशनल बना दिया। इस फिल्म में भाषा का अधिक महत्व नहीं है। फिल्म से जुड़े बिग पिक्चर्स को लगा किकाइट्स को कान में दिखाकर ग्लोबल मार्केट में पहुंचा जा सकता है। फिल्म के प्रति लोगों की जानकारी बढ़ाने के उद्देश्य से हम वहां गए थे।
व्यक्तिगत तौर पर पूछूं, तो इससे आपको क्या फायदा हुआ?
मुझे नया जोश मिला। काइट्स की गतिविधियों से वक्त निकालकर मैं वहां आए लोगों से मिला। वहां हमलोग भारतीय फिल्मों की मार्केटिंग करते हैं। मुझे लगा कि हमारी फिल्मों को फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा होना चाहिए। हमें भी वह प्रतिष्ठा मिले। वहां चीन और कोरिया के डायरेक्टर खूब पहचाने जाते हैं। भारत के डायरेक्टर के नाम पर लोग शेखर कपूर, मीरा नायर और दीपा मेहता को ही जानते हैं। उन सभी के बीच अपनी लघुता का अहसास हुआ।
क्या हम उम्मीद करें कि आप जल्द ही किसी ऐसी फिल्म की तैयारी करेंगे, जो वहां दिखाई जा सके?
मैं तो काफी दिनों से सोच रहा हूं। मुझे निर्माता मिलना चाहिए। उसका विश्वास हो, तभी ऐसी फिल्म बन सकती है। आर्ट हाउस और इंटरनेशनल सर्किट की फिल्म के लिए तैयार हूं। यहां लोग कहते जरूर हैं कि करो, लेकिन जब करने चलो, तो डरते हैं। रोक देते हैं।
काइट्स में ऐसी क्या बात है, जो ग्लोबल दर्शकों के पसंद आएगी?
इसकी कहानी सीमाओं से परे है। इसमें दुनिया के दो हिस्सों के प्रेमियों की कहानी है। क्रॉस कल्चर की फिल्म है। फिल्म में बारबरा स्पेनिश बोलती नजर आएंगी। उनकी वजह से स्पेनिश लोगों ने फिल्म में रुचि दिखाई। इसकी यूनिक थीम ग्लोबल दर्शकों को आकर्षित करेगी। मेरे लिए चुनौती थी कि पारंपरिक दर्शकों का खयाल रखते हुए ग्लोबल दर्शकों को भी फिल्म से लुभाऊं।
कंगना रानावत को क्यों छोड़ दिया आपने?
हम से गलती हो गई। वास्तव में कान की योजना जल्दबाजी में बनी। अगर पहले से प्लानिंग होती, तो कंगना समय निकाल लेतीं। मुझे मालूम है कि वे हैं। अभी क्या कर सकते हैं? फिल्म का प्रचार बारबरा और रितिक पर केंद्रित है। कंगना को मालूम है कि फिल्म में उनकी क्या भूमिका है और उन्हें क्या महत्व मिला है।
-मुंबई प्रतिनिधि