
इमरान हाशमी को स्टार नहीं, उम्दा कलाकार कहलाना अधिक पसंद है। वे ईमानदारी से अपना काम करने में विश्वास करते हैं। उनकी दो फिल्मों तुम मिले और रफ्तार की इन दिनों चर्चा है। बातचीत इमरान से..
अभिनय के साथ ही लोग अब आपके बारे में भी बातें करते हैं। आप क्या कहेंगे?
मैं दर्शकों के मनोरंजन के लिए फिल्मों में अभिनय करता हूं। अभिनय मेरे लिए काम है। दर्शक मुझे प्यार दे रहे हैं, मेरी फिल्मों को सफल बना रहे हैं। इससे अधिक अपेक्षा मैं नहीं करता। मैं बहुत खुश हूं।
आपकी दो फिल्में प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। कुछ बताएंगे?
दोनों फिल्मों तुम मिले और रफ्तार में मैंने अलग तरह की और दमदार भूमिकाएं निभाई हैं। तुम मिले प्राकृतिक आपदा पर बनी है। इसकी कहानी का आधार मुंबई में आई बाढ़ है। निर्देशककुणाल देशमुख ने एक कपल की प्रेम कहानी केजरिए बाढ़ के दृश्यों को सजीव बनाने का प्रयास किया है। इसमें मेरे अपोजिट सोहा अली खान हैं। राज-टू की तरह इसमें भी मेरी पेंटर की भूमिका है, लेकिन यह पेंटर उससे अलग है। फिल्म का खास आकर्षण बाढ़ के दृश्य होंगे। मुझे यकीन है कि इसे देखते समय दर्शक रोमांचित जरूर होंगे।
..और रफ्तार में क्या है?
यह मीडिया पर आधारित फिल्म है। कहानी न्यूज चैनल की है। इसमें मैं क्राइम रिपोर्टर बना हूं, जो बाद में स्टार बनकर उभरता है। इसमें कई सस्पेंस हैं। फिल्म में मेरे अपोजिट नेहा धूपिया हैं। पिछले दिनों मीडिया में खबर आई थी कि रफ्तार की कहानी रामगोपाल वर्मा की फिल्म रण से मिलती-जुलती है, लेकिन यह सच नहीं है। इन फिल्मों में समानता यही है कि दोनों का विषय मीडिया है। रामू ने यह बात मुझे खुद बताई है।
क्या यह सच है कि रामगोपाल वर्मा अपनी फिल्म के लिए आपसे मिले थे?
रामू ने रण के लिए पहले मुझसे संपर्क किया था, लेकिन तब तक मैं रफ्तार की शूटिंग आरंभ कर चुका था। मैंने रामू से कहा कि एक ही विषय की दो फिल्मों में काम नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि कोई बात नहीं है। हम भविष्य में फिर काम करेंगे। मुझे अफसोस है कि मैं रामू के साथ काम नहीं कर सका।
चर्चा है कि इन दिनों आप किसी रोल के लिए वर्कआउट कर रहे हैं?
बिल्कुल सही बात है। मैं अगले महीने मिलन लूथरिया की अपराध जगत पर आधारित फिल्म वन्स अपॉन ए टाइम की शूटिंग शुरू करने जा रहा हूं। उसमें मैं एक क्रिमिनल की भूमिका निभा रहा हूं। कैरेक्टर की डिमांड पर मैं बॉडी बना रहा हूं। वर्ना मुझे बॉडी बनाने और दिखाने का शौक नहीं है। मेरे साथ फिल्म में अजय देवगन और कंगना राणावत प्रमुख भूमिका में हैं। मेरी नायिका प्राची देसाई हैं।
आपकी फिल्में कब तक रिलीज होंगी?
निर्माता और मल्टीप्लेक्स मालिकों के बीच सुलह होने के बाद इन फिल्मों का प्रमोशन शुरू हो जाएगा। तब एक साथ कई फिल्में रिलीज होंगी। मेरा मानना है अब वह जमाना गया, जब स्टार और बड़े बजट की फिल्म के नाम से छोटी फिल्मों की रिलीज रुक जाती थी। इस वक्त अच्छे विषय की फिल्में खूब पसंद की जा रही हैं। मेरी फिल्मों में दम होगा, तो दर्शक जरूर पसंद करेंगे।
-मुंबई प्रतिनिधि