अपने करियर से संतुष्ट हूं: हर्ष छाया

अपने करियर से संतुष्ट हूं: हर्ष छाया

छोटे पर्दे के सीनियर और प्रतिभाशाली अभिनेता हैं हर्ष छाया। किसी भी सीरियल में उनकी उपस्थिति दर्शकों का ध्यान खींच लेती है। इन दिनों हर्ष सहारा वन के धारावाहिक घर एक सपना के साथ-साथ सोनी एंटरटेनमेंट चैनल के धारावाहिक लेडिज स्पेशल में दिख रहे हैं। इसमें वे करण की नेगेटिव भूमिका निभा रहे हैं। बातचीत हर्ष छाया से..

लेडिज स्पेशल में आप करण की नेगेटिव भूमिका निभा रहे हैं। किन शब्दों में करण की भूमिका को बयां करेंगे?

करण अजीब किस्म का इनसान है। पुरुष होने का अहं उसमें कूट-कूट कर भरा हुआ है। वह पत्नी को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखता है। उसकी नजर में पुरुष और स्त्री कभी समान हो ही नहीं सकते। ऐसे अजीब इनसान की भूमिका निभाने का अवसर सभी को नहीं मिलता। एक ऐक्टर के रूप में इस अवसर का पूरा फायदा उठा रहा हूं।

निजी जीवन में आपका सामना कभी करण जैसे इनसान से हुआ है?

नहीं, मेरी नजर में तो करण जैसा कोई इनसान नहीं है, जिसे मैं जानता हूं। यह सोचकर खुशी भी होती है कि करण जैसा इनसान मेरे इर्दगिर्द नहीं है।

लेडिज स्पेशल में पूजा की भूमिका निभा रहीं पायल सरकार में आप कैसी संभावनाएं देखते हैं?

पायल अच्छी ऐक्ट्रेस है। उसने दो-तीन धारावाहिकों में अभिनय किया है। वह हर दृश्य को समझती है। एक्टिंग की बारीकियों का भी उसे ज्ञान है।

इन दिनों धारावाहिकों में होने वाले तमाम बदलाव को आप किस नजरिए से देखते हैं?

यह बदलाव अच्छा है। नए ऐक्टर आ रहे हैं। वे टैलेंटेड और फोकस्ड हैं। अब शो केवल शहरों के दर्शकों के लिए ही नहीं बनते हैं। गांव में रहने वाले दर्शकों को भी ध्यान में रखकर ये बनाए जा रहे हैं। यह अच्छी बात है।

फिल्म फैशन में आप महत्वपूर्ण भूमिका में दिखे। आगे और किन फिल्मों में दिखेंगे?

फिलहाल तो नहीं दिखूंगा। फिल्मों में जब कोई अच्छा अवसर मिलेगा, तब सोचूंगा, लेकिन अभी मैं टीवी में व्यस्त हूं। दो सीरियल में अभिनय कर रहा हूं। एक लेडिज स्पेशल और दूसरा सहारा वन का घर एक सपना।

अभी तक के एक्टिंग करियर से कितने संतुष्ट हैं?

मैं खुश हूं। मैंने हमेशा वैसा ही काम किया है, जैसा करना चाहता था। जो नहीं करना चाहता था, उसे मैंने कभी नहीं किया। इससे अधिक संतुष्टि मेरे लिए और क्या हो सकती है?

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(0) वोट का औसत

average:0
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित