उम्मीदों पर खरी नही उतरी चांदनी चौक..

उम्मीदों पर खरी नही उतरी चांदनी चौक..

उम्मीद थी कि चांदनी चौक टू चाइना को दर्शक पसंद करेंगे। लगातार हिट देकर अक्षय कुमार दर्शकों के चहेते बने हुए हैं, फिर भी सिनेमाघर खाली नजर आए। इधर प्रीपेड प्रिव्यू का चलन बढ़ रहा है। महानगरों में रिलीज के एक दिन पहले दर्शक फिल्म देखना चाहते हैं। चांदनी चौक टू चाइना ने एक दिन पहले से ही झटका दे दिया। रिलीज के दिन 30-35 प्रतिशत कलेक्शन रहा। शुक्रवार की शाम और शनिवार को कलेक्शन बढ़ा, लेकिन कहीं-कहीं ही यह पचास प्रतिशत तक पहुंच पाया।

हॉलीवुड की मशहूर प्रोडक्शन कंपनी वार्नर ब्रदर्स की दूसरी फिल्म भी दर्शकों ने नापसंद कर दी। पहली फिल्म सास बहू और सेंसेक्स तो बगैर स्टारों की फिल्म थी। चांदनी चौक टू चाइना में अक्षय कुमार और दीपिका पादुकोण की नई जोड़ी थी। चाइना पहली बार हिंदी फिल्मों में दिखाया जा रहा था। एक्शन और कॉमेडी का मिश्रण तैयार किया गया था। ऐसा क्या हुआ कि दर्शकों ने कुछ भी पसंद नहीं किया?

गाौर करें तो इस फिल्म के प्रचार में कोई कमी नहीं रखी गयी थी। देश-विदेश में विभिन्न मंचों, आयोजनों और समारोहों से फिल्म के कलाकार और निर्देशक सब कुछ बता रहे थे। निश्चित रूप से फिल्म सारे दावों के बावजूद उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी।

पिछले हफ्ते की फिल्मों में द प्रेसिडेंट इज कमिंग ने महानगरों में थोड़ा व्यवसाय किया। काश.. मेरे होते और बैड लक गोविंद तो सिनेमाघरों से उतर भी गयी हैं।

इस हफ्ते गोल्डन ग्लोब से पुरस्कृत स्लमडॉग करोड़पति और राज- द मिस्ट्री कंटीन्यूज के साथ आसमां और 42 किलोमीटर भी रिलीज हो रही है।

-अजय ब्रह्मात्मज

लेख को दर्जा दें

दर्जा दें

0 out of 5 blips

(2) वोट का औसत

average:5
Saving...
इस पृष्ठ की सामग्री जागरण प्रकाशन लिमिटेड द्वारा प्रदान की गई है
कॉपीराइट © 2009 याहू वेब सर्विसेज़ इंडिया प्राइवेट लिमिटेड सर्वाधिकार सुरक्षित